Blog

खड़ी गाड़ियों में आग लगाकर फैलाता था दहशत…गजनी उर्फ पेचकस गिरफ्तार

बिलासपुर – सरकंडा थाना क्षेत्र में खड़ी गाड़ियों को आग के हवाले कर आतंक फैलाने वाले शातिर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान महेश कुमार साहू उर्फ भोला साहू उर्फ गजनी उर्फ पेचकस 29 वर्ष निवासी भंडारी प्लांट, बंधवापारा, सरकंडा के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने महज तीन दिन के अंतराल में दो अलग-अलग घटनाओं को अंजाम देते हुए एक स्कूटी और एक मोटरसाइकिल जला दी थी। दोनों मामलों में एक ही आरोपी के शामिल होने का खुलासा होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार पहला मामला 10 सितंबर की रात का है। सूर्या चौक चिंगराजपारा स्थित द्वारका प्रसाद यादव के किराए के मकान के पास खड़ी गौरी देवांगन की स्कूटी क्रमांक सीजी 10 बी ई 3159 में कोई व्यक्ति ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी। आग से स्कूटी समेत आसपास रखा सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया था। मामले में सरकंडा पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी। वहीं दूसरी वारदात 13 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे बंधवापारा क्षेत्र में हुई। पुलिस के मुताबिक महेश साहू ने नफीस खान से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसकी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 10 ईई 7267 को चोरी कर भंडारी प्लांट रोड के पास ले गया और आग लगा दी। दोनों घटनाओं की जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों से महेश साहू पर संदेह हुआ। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने दोनों वारदातें करना स्वीकार किया। पुलिस ने उसके मेमोरेंडम कथन के आधार पर दोनों घटनाओं का खुलासा किया। कार्रवाई डीआईजी एवं एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देशन, एएसपी शहर पंकज पटेल व सीएसपी तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *