Blog

कार्रवाई का डर दिखाकर 5 हजार वसूली का दावा,मस्तूरी थाने में खाकी पर गंभीर आरोप

शिकायत दर्ज कराने पहुंचे प्रार्थी से मारपीट

एसपी ऑफिस पहुंची शिकायत

बिलासपुर। मस्तूरी थाने में मोबाइल चोरी की शिकायत दर्ज कराने पहुंचे एक व्यक्ति से पुलिसकर्मियों द्वारा कथित तौर पर मारपीट, अभद्र व्यवहार और कार्रवाई का डर दिखाकर अवैध वसूली किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पूरे मामले की शिकायत एसपी कार्यालय पहुंचकर की है। शिकायत में थाने के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने की मांग भी की गई है। आरोपों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

दरअसल शिकायतकर्ता नकुल कुमार मांडरे पिता तिलेश्वर प्रसाद मांडरे, निवासी पत्थरखान बिल्हा ने बताया कि वह मिनी ऑटो से गांव-गांव फेरी लगाकर साड़ी बेचने का काम करता है।
11 सितंबर की सुबह वह मस्तूरी क्षेत्र में साड़ी बेचने निकला था। इस दौरान उसने रास्ते में शराब का सेवन किया और अपनी गाड़ी में सो गया। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने उसका मोबाइल चोरी कर लिया। नींद खुलने पर मोबाइल गायब मिला तो वह शिकायत दर्ज कराने मस्तूरी थाने पहुंचा। पीड़ित के अनुसार ड्यूटी पर मौजूद मुंशी शिवचरण मरावी को उसने पूरी घटना बताई। मुंशी ने एक फार्म में जानकारी भरकर देने को कहा। फार्म भरकर वापस पहुंचने पर कथित तौर पर शिकायत दर्ज करने से मना कर दिया गया। पीड़ित का आरोप है कि शिकायत दर्ज कराने पर जोर देने के बाद वहां मौजूद पुलिसकर्मी दिनेश निराला, शिवचरण मरावी और नीतीश बंजारे ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया।आरोप है कि इसके बाद उसका ब्रीथ एनालाइजर से परीक्षण किया गया और शराब सेवन के मामले में कार्रवाई करने का भय दिखाया गया। इसी दौरान उसकी जेब से कथित तौर पर 2 हजार रुपये और वाहन की चाबी निकाल ली गई तथा कोरे कागज पर हस्ताक्षर करा लिए गए। पीड़ित ने आरोप लगाया कि बाद में उससे 3 हजार रुपये और मांगे गए। इसके बाद उसने पत्नी के फोन-पे के माध्यम से एक व्यक्ति के खाते में रकम ट्रांसफर कराई। पीड़ित ने इस भुगतान के प्रमाण अपने पास होने का दावा किया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि पैसे देने के बाद ही उसे थाने से छोड़ा गया।
उसने एसपी कार्यालय में शिकायत कर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
साथ ही दावा किया है कि घटना की वास्तविकता थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज से स्पष्ट हो सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *