बड़पारा शराब भट्ठी के पास लूट का खुलासा, 2 बदमाश गिरफ्तार – लूटी गई बाइक बरामद

रायगढ़। बड़पारा शराब भट्ठी के पास लूटपाट की घटना में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई HF डिलक्स मोटरसाइकिल CG 13 BF 9616 कीमत करीब 60 हजार रुपये बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार ग्राम गोतमा, थाना पुसौर निवासी गजानन प्रधान (32) ने दिनांक 19 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह सब्जी बिक्री का काम करता है। दिनांक 15 सितंबर को दोपहर करीब 2:30 बजे वह अपनी बाइक से सब्जी बिक्री की रकम जमा करने हटरी चौक जा रहा था। बड़पारा शराब भट्ठी में शराब खरीदने गया तो दो व्यक्तियों ने शराब के लिए 100 रुपये मांगे। प्रार्थी ने 100 रुपये दे दिए, जिसके बाद आरोपियों ने शराब मांगी और गाली-गलौज कर मारपीट शुरू कर दी। जेब में रखे 5,000 रुपये निकाल लिए और बाइक की चाबी छीनकर बाइक लेकर फरार हो गए।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्र. 523/2026 धारा 309(6), 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार तिवारी के नेतृत्व में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और गवाहों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान संजय शर्मा उर्फ सोनू पिता प्रताप शर्मा उम्र 30 वर्ष और गणेश शर्मा पिता प्रताप शर्मा उम्र 25 वर्ष, दोनों निवासी सोनुमुड़ा देवारपारा रायगढ़ के रूप में की।
पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पहचान परेड कराई, जिसमें प्रार्थी ने दोनों की पहचान की। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया। 5,000 रुपये खाने-पीने में खर्च करना बताया। संजय शर्मा के मेमोरेंडम पर लूटी गई बाइक बरामद की गई। दोनों आरोपियों को आज न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
*एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश:*
“लूट, मारपीट एवं अन्य गंभीर आपराधिक घटनाओं में त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों की पहचान, गिरफ्तारी और बरामदगी सुनिश्चित की जाएगी।”