सब्जी मंडी में एमआईसी मेंबर की घेरकर पिटाई,7-8 लोगों ने बोला हमला, सीसीटीवी में कैद हुई मारपीट,हत्या की सुपारी की पुरानी घटना के बाद फिर निशाने पर आए बंधु मौर्य

पुराने केस में समझौते का दबाव बनाने का आरोप
दोनों पक्ष पहुंचे सिरगिट्टी थाने
बिलासपुर। न्यायधानी में अपराधियों के हौसले एक बार फिर सवालों के घेरे में हैं। नगर निगम के एमआईसी सदस्य और भाजपा के वरिष्ठ पार्षद व सब्जी कारोबारी बंधु मौर्य के साथ तिफरा थोक सब्जी मंडी में मारपीट का मामला सामने आया है। रविवार सुबह मंडी में हुए विवाद के दौरान 7-8 लोगों ने कथित तौर पर बंधु मौर्य और उनके साथियों को घेर लिया और मारपीट की। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है।
दरअसल विवाद के पीछे पुरानी रंजिश और व्यापारिक लेनदेन का मामला है। आरोप है कि पुराने केस में समझौता करने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। घटना के बाद दोनों पक्ष सिरगिट्टी थाने पहुंचे। पुलिस ने एक पक्ष की शिकायत पर अपराध दर्ज किया है, जबकि दूसरे पक्ष की शिकायत की जांच जारी है। सबसे अहम बात यह है कि बंधु मौर्य पर कुछ दिन पहले दूसरे प्रदेश से शूटर बुलाकर हत्या के प्रयास की साजिश रचे जाने की घटना भी सामने आई थी। ऐसे में ताजा मारपीट ने उनकी सुरक्षा और पुरानी रंजिश के एंगल को फिर चर्चा में ला दिया है।
बतक दे तिफरा थोक सब्जी मंडी में रविवार सुबह का घटनाक्रम अब पुलिस जांच के केंद्र में है। भाजपा पार्षद और सब्जी कारोबारी बंधु मौर्य के साथ हुए विवाद में मारपीट का आरोप लगा है। शिकायत के मुताबिक, 7-8 लोगों ने उन्हें और उनके साथियों को घेरकर पीटा। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंपा गया है। फुटेज में दर्ज घटनाक्रम के आधार पर पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।
मंडी जैसे व्यस्त कारोबारी क्षेत्र में जनप्रतिनिधि के साथ इस तरह की घटना सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, घटना के पीछे की पूरी वजह और मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
पुरानी रंजिश या व्यापारिक विवाद, समझौते के दबाव का आरोप
इस मामले में पुरानी रंजिश और व्यापारिक लेनदेन को विवाद की प्रमुख वजह बताया जा रहा है। बंधु मौर्य ने पुलिस से मारपीट की शिकायत की है। आरोप है कि पुराने मामले में समझौता करने के लिए दबाव बनाया जा रहा था और इसी विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया।दूसरी तरफ, दूसरे पक्ष ने भी मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। दोनों पक्षों के थाने पहुंचने के बाद मामला अब आमने-सामने की शिकायतों में उलझा हुआ है।
कुछ दिन पहले हत्या की सुपारी की घटना, अब दोबारा मारपीट
इस पूरे मामले का सबसे संवेदनशील पहलू बंधु मौर्य से जुड़ी पिछली घटना है। कुछ दिन पहले उनके खिलाफ हत्या की साजिश रचे जाने और दूसरे प्रदेश से शूटर बुलाकर हत्या के प्रयास की घटना सामने आई थी। अब तिफरा सब्जी मंडी में उनके साथ मारपीट का मामला सामने आने के बाद पुरानी रंजिश की आशंका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
हालांकि, रविवार की मारपीट और पहले सामने आई हत्या की साजिश के बीच सीधा संबंध है या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस इस पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फिलहाल दोनों घटनाओं को जोड़कर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी, लेकिन लगातार सामने आ रहे विवाद ने मामले की गंभीरता जरूर बढ़ा दी है।
पुलिस ने दर्ज किया केस,दूसरे पक्ष की शिकायत की जांच
एएसपी पंकज पटेल के मुताबिक, दयालबंद निवासी बंधु मौर्य ने मारपीट की शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी सौंपा है। दूसरे पक्ष ने भी मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने एक पक्ष की शिकायत पर अपराध दर्ज कर लिया है, जबकि दूसरे पक्ष की शिकायत की जांच की जा रही है।
पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच के साथ घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज और पुराने विवादों से संबंधित तथ्यों को भी खंगाल रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि मंडी में विवाद किस बात पर शुरू हुआ, मारपीट में कौन-कौन शामिल था और क्या इस घटना का पुरानी रंजिश से कोई संबंध है।