
एनटीपीसी सीपत में साइबर जागरूकता कार्यक्रम, आईजी रामगोपाल गर्ग ने किया लोगों को जागरूक….

बिलासपुर । एनटीपीसी सीपत स्थित कला निकेतन में साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बिलासपुर रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। उन्होंने लोगों को साइबर अपराध के बदलते तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी।
आईजी ने डिजिटल अरेस्ट, म्यूल अकाउंट, फर्जी प्रोफाइल, APK फ्रॉड, ऑनलाइन ट्रेडिंग और सेक्सटॉर्शन जैसे साइबर अपराधों से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस या कोई जांच एजेंसी वीडियो कॉल पर किसी को डिजिटल अरेस्ट नहीं करती। ऐसे कॉल से डरकर किसी को पैसे ट्रांसफर न करें।
वहीं एसएसपी रजनेश सिंह ने साइबर ठगी होने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी। कार्यक्रम में एनटीपीसी के अधिकारी-कर्मचारी, सीआईएसएफ के जवान, वरिष्ठ नागरिक और स्कूली विद्यार्थी शामिल हुए। पुलिस ने अपील की कि साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।






