
साथ खिंचवाए फोटो वायरल करने की धमकी देकर युवती ने वसूले 2 लाख रुपए,सोशल मीडिया पर बदनाम करने और झूठे केस में फंसाने की देती थी धमकी

बार-बार रकम मांगने से परेशान युवक ने कोतवाली में दर्ज कराई शिकायत
बिलासपुर। साथ में खिंचवाए गए फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने और सामाजिक रूप से बदनाम करने की धमकी देकर एक युवती ने युवक से 2 लाख रुपए वसूल लिए। युवती लगातार फोन कर और रकम की मांग कर रही थी। पैसे नहीं देने पर वीडियो वायरल करने और झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दे रही थी। परेशान युवक की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी युवती को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, खपरगंज कल्लू बाड़ा निवासी 28 वर्षीय सूर्या सोनी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया कि प्राची कश्यप वर्ष 2025 में उसकी दुकान में काम करने आई थी। इस दौरान दोनों के बीच जान-पहचान हुई और फोन पर बातचीत तथा चैटिंग होने लगी। परिचय बढ़ने के बाद दोनों ने साथ में कुछ फोटो भी खिंचवाए थे।
आरोप है कि युवती ने इन्हीं फोटो का गलत इस्तेमाल करने की धमकी देकर युवक से पैसों की मांग शुरू कर दी। सोशल मीडिया पर फोटो और वीडियो वायरल कर सामाजिक रूप से अपमानित करने तथा झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। लोक-लाज के डर से युवक ने उसे ऑनलाइन और नगद मिलाकर 2 लाख रुपए दे दिए। इसके बावजूद युवती की पैसों की मांग बंद नहीं हुई। वह बार-बार फोन कर वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगी। साथ ही पैसे नहीं मिलने पर आत्महत्या करने की धमकी भी देती थी।
आखिरकार परेशान युवक ने सिटी कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 308(2), 296 और 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लोफंदी निवासी प्राची कश्यप को गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।






