
सहयोग चौपाल एवं चलित थाना के माध्यम से ग्रामीणों के बीच पहुंची कोण्डागांव पुलिस….थाना उरंदाबेड़ा द्वारा ग्राम साप्ताहिक बाज़ार में चलाया गया व्यापक जनजागरूकता अभियान

साइबर अपराध, यातायात नियम, नशामुक्ति, नवीन कानून एवं महिला-बाल सुरक्षा के संबंध में ग्रामीणों को किया जागरूक।
सहयोग चौपाल एवं चलित थाना के माध्यम से ग्रामीणों को पुलिस से सीधे जुड़ने एवं अपनी समस्याएं बताने के लिए किया प्रेरित
कोंडागांव। पुलिस अधीक्षक कोण्डागांव पंकज चन्द्रा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा (के निर्देशन में जिले में सामुदायिक पुलिसिंग एवं जनजागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना प्रभारी उरंदाबेड़ा अखिलेश धीवर के नेतृत्व में पुलिस स्टाफ उरंदाबेड़ा द्वारा साप्ताहिक बाज़ार में सहयोग चौपाल एवं चलित थाना के माध्यम से जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान बाजार में उपस्थित ग्रामीणों, व्यापारियों, महिलाओं एवं युवाओं को विभिन्न अपराधों से बचाव तथा कानूनी अधिकारों के संबंध में सरल भाषा में जानकारी दी गई।
प्रमुख विषयों पर ग्रामीणों को किया जागरूक
1. *साइबर जागरूकता*: ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल, OTP एवं UPI फ्रॉड से बचाव की जानकारी देते हुए साइबर अपराध होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करने की अपील की गई।
2. *यातायात जागरूकता*: दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने एवं यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई।
3. *नशामुक्ति अभियान*: शराब एवं अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, पारिवारिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी देकर नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु प्रेरित किया गया।
4. *नवीन आपराधिक कानून*: भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) के संबंध में जानकारी देते हुए नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों एवं पुलिस सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।
5. *महिला एवं बाल सुरक्षा*: महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराध, घरेलू हिंसा, बाल विवाह, बाल शोषण एवं साइबर बुलिंग से बचाव की जानकारी देते हुए किसी भी घटना की तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को बताया गया कि सहयोग चौपाल एवं चलित थाना का उद्देश्य पुलिस सेवाओं को ग्रामीणों के निकट पहुंचाना, उनकी समस्याओं को सुनना तथा अपराधों की रोकथाम में जनसहभागिता बढ़ाना है।
ग्रामीणों से अपील की गई कि अपने क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अवैध नशे के कारोबार, महिला-बाल अपराध अथवा अन्य आपराधिक गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाना को दें।
कोण्डागांव पुलिस द्वारा ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में इस प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाएंगे।
*कोण्डागांव पुलिस — आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प।*






