बिलासपुर में 21 नवंबर से गूंजेगा अंतर महाविद्यालयीन खेलों का उत्साह, मध्य क्षेत्रीय कृषि महाविद्यालयीन खेल-कूद प्रतियोगिता–2026 का होगा आयोजन

छत्तीसगढ़ के विभिन्न कृषि महाविद्यालयों के खिलाड़ी दिखाएंगे अपनी खेल प्रतिभा; 23 नवंबर तक चलेगी प्रतियोगिता
बिलासपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के अंतर्गत बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बिलासपुर में दिनांक 21 से 23 नवंबर 2026 तक तीन दिवसीय मध्य क्षेत्रीय अंतर कृषि महाविद्यालयीन खेल-कूद प्रतियोगिता–2026 का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में विभिन्न कृषि महाविद्यालयों के विद्यार्थी खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा, शारीरिक दक्षता, अनुशासन, टीम भावना एवं प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता का शुभारंभ 21 नवंबर को प्रातः 10:30 बजे महाविद्यालय के सभागार में आयोजित उद्घाटन समारोह के साथ होगा। समारोह के मुख्य अतिथि इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संजय शर्मा होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बिलासपुर के अधिष्ठाता डॉ. एस. एल. स्वामी करेंगे।
उद्घाटन समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में क्षेत्रीय कृषि अनुसंधान केंद्र, बिलासपुर के मुख्य वैज्ञानिक डॉ. संजय कुमार वर्मा, कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, रायगढ़ के अधिष्ठाता डॉ. अजीत कुमार सिंह, कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, कोरबा के अधिष्ठाता डॉ. राजेश साहू, कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, जांजगीर-चांपा के अधिष्ठाता डॉ. मनीष कुमार तथा कृषि अभियांत्रिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, मुंगेली के अधिष्ठाता डॉ. देवाशीष पाढ़ी उपस्थित रहेंगे।
इस तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिता का उद्देश्य कृषि शिक्षा से जुड़े विद्यार्थियों में खेल भावना, शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य, नेतृत्व क्षमता, आपसी समन्वय तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को प्रोत्साहित करना है। खेलकूद विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों के बीच संवाद, मैत्री एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान का अवसर भी प्रदान करते हैं।
प्रतियोगिता के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए महाविद्यालय प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। आवास, भोजन, परिवहन, खेल मैदान, चिकित्सा सुविधा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए कुल 17 विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। सभी समितियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंपकर आयोजन को व्यवस्थित, सुरक्षित एवं सफल बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. एस. एल. स्वामी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आयोजित यह प्रतियोगिता संस्थान के लिए गौरवपूर्ण अवसर है। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को खेल के क्षेत्र में अपनी क्षमता एवं कौशल प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। महाविद्यालय प्रशासन ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी महाविद्यालयों के खिलाड़ियों एवं प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए आयोजन को सफल बनाने के लिए आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने की बात कही है।
कार्यक्रम के खेल प्रभारी डॉ. दुष्यंत कौशिक हैं। महाविद्यालय परिवार द्वारा प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी संबंधितों से सहयोग की अपेक्षा की गई है।






