हैदराबाद में पब-रेस्टोरेंट फ्रेंचाइजी का झांसा देकर 3.42 करोड़ की ठगी,पुलिस ने एफआईआर दर्ज की

बिलासपुर । कारोबारियों से हैदराबाद में रेस्टोरेंट और पब की फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर 3 करोड़ 42 लाख 50 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने 25 प्रतिशत हिस्सेदारी और मुनाफे का लालच देकर रकम निवेश कराई, लेकिन न कारोबार में हिस्सा दिया और न पैसे लौटाए। शिकायत पर तारबाहर पुलिस ने महिला और पुरुष के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
मामला हैदराबाद के डियाब्लो रेस्टोरेंट और पब कारोबार से जुड़ा है। आरोप है कि जयवीर सिंह सभरवाल और शेषम कौर ने प्राशी वेंचर्स एलएलपी के नाम पर कारोबारियों से अलग-अलग किस्तों में करोड़ों रुपये जमा कराए। इसमें शिखर सराफ, रितेश शाह और सक्षम श्रीवास्तव की रकम शामिल है।
लंबे समय तक हिस्सेदारी नहीं मिलने और रकम वापस नहीं होने पर पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की। तारबाहर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में अपराध दर्ज कर बैंक ट्रांजैक्शन और दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है।






