
नशेड़ी ऑटो चालक ने टीआई के साथ की धक्का मुक्की,पुलिस ने केवल समझा कर छोड़ा

बिलासपुर।नशेड़ी ऑटो चालक की हिम्मत देखिए कि उसने थाना प्रभारी के साथ ही धक्का मुक्ति कर दी और पुलिस की दिलेरी देखिए कि उसने उसे माफ़ भी कर दिया। घटना बिलासपुर के सिम्स अस्पताल गेट पर घटी। सिम्स गेट के सामने ऑटो ड्राइवर अपना ऑटो खड़ा कर रहा था, जिसे सिविल लाइन थाना प्रभारी रविशंकर तिवारी ने रोका तो उसने गाली गलौज शुरू कर दी। इतना ही नहीं उसने टीआई के साथ धक्का मुक्की भी की। आसपास मौजूद लोगों ने इसका वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। पुलिस ने बताया कि ऑटो ड्राइवर को पकड़कर थाने लाया गया था, बाद में समझाइश देकर उसे छोड़ दिया गया।
दरअसल गुरुवार शाम मंगला में एक हिंदू युवती के साथ मुस्लिम युवक के निकाह करने से नाराज युवती के भाई और पिता ने मुस्लिम युवक के परिवार पर चाकू से हमला किया था। घायलों को सिम्स में भर्ती किया गया था। इसकी जांच के लिए टीआई रविशंकर तिवारी अपनी टीम के साथ अस्पताल पहुंचे थे। इसी दौरान सिम्स के मेन गेट के सामने एक ऑटो बेतरतीब तरीके से खड़ा था। वहां ऑटो चालक नशे की हालत में हंगामा कर रहा था। यह देखकर टीआई रविशंकर तिवारी ने उसे रोकने की कोशिश की तो ऑटो चालक उन पर भड़क गया और बहस करने लगा। देखते ही देखते विवाद हाथापाई और धक्का मुक्की में बदल गई । ऑटो चालक ने वर्दी का भी लिहाज नहीं किया। लोग कह रहे हैं कि नशेड़ियों की हिम्मत देखिए कि अब वह पुलिस पर भी हमला करने से गुरेज नहीं कर रहे। इतना सब कुछ होने के बावजूद पुलिस ने केवल इस नशेड़ी ऑटो चालक को समझा कर छोड़ दिया। लोग कह रहे हैं कि ऐसे में उनके हौसले नहीं बढ़ेंगे तो और क्या होगा। सोचिये जो ऑटो चालक थाना प्रभारी जैसे बड़े पुलिस अधिकारी पर भी हमला करने से गुरेज नहीं करते वह लोग आम लोगों के साथ कैसा दुर्व्यवहार करते होंगे। उनके संगठन के आगे सब पस्त हैं और उन पर कार्यवाही से बचने की कोशिश करते हैं। यही कारण है कि बिलासपुर में ऑटो चालको की मनमानी बढ़ती जा रही है। इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह के नेगेटिव कमेंट सामने आ रहे हैं।





