विजय बोले,धान का समर्थन मूल्य बढ़ा, किसानों की अंतर सहायता घटा दी,258 रुपये की बढ़ोतरी का लाभ आखिर गया कहां
917 रुपये से घटकर 659 रुपये प्रति क्विंटल रह गई अंतर सहायता

21 क्विंटल की खरीदी सीमा और केंद्रों की कम लिमिट पर सरकार को घेरा
बिलासपुर। धान का समर्थन मूल्य बढ़ा, लेकिन किसानों को मिलने वाली अंतर सहायता राशि घट गई। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और बेलतरा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी विजय केसरवानी ने धान खरीदी की सरकारी व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा सरकार किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल भुगतान का दावा तो कर रही है, लेकिन समर्थन मूल्य में केंद्र सरकार की ओर से की गई बढ़ोतरी का अतिरिक्त लाभ किसानों तक क्यों नहीं पहुंच रहा है।
पत्रकारो से चर्चा करते हुए विजय केसरवानी ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में सामान्य धान का समर्थन मूल्य 2183 रुपये से बढ़कर 2441 रुपये प्रति क्विंटल हो गया है। यानी केंद्र सरकार ने समर्थन मूल्य में 258 रुपये की वृद्धि की है। इसके बावजूद राज्य सरकार की घोषित 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से तुलना करने पर अंतर सहायता राशि 917 रुपये से घटकर 659 रुपये रह गई है।
सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि समर्थन मूल्य में हुई बढ़ोतरी का लाभ किसानों को किस रूप में दिया जा रहा है।
258 रुपये बढ़ा समर्थन मूल्य, सहायता में उतनी ही कमी
विजय केसरवानी ने पुराने और वर्तमान समर्थन मूल्य का गणित समझाते हुए कहा कि वर्ष 2023-24 में सामान्य धान का समर्थन मूल्य 2183 रुपये था। राज्य सरकार की 3100 रुपये प्रति क्विंटल की घोषित दर के मुकाबले तब 917 रुपये का अंतर था।
अब समर्थन मूल्य 2441 रुपये हो गया है। 3100 रुपये में से इसे घटाने पर अंतर सहायता 659 रुपये बचती है। यानी केंद्र सरकार ने समर्थन मूल्य में जितनी वृद्धि की, राज्य की अंतर सहायता राशि उतनी ही कम हो गई।
यदि पहले की तरह 917 रुपये प्रति क्विंटल की अंतर सहायता बरकरार रखी जाती, तो वर्तमान समर्थन मूल्य 2441 रुपये में इसे जोड़ने पर किसानों को 3358 रुपये प्रति क्विंटल का लाभ मिलना चाहिए था। उन्होंने इसे तुलनात्मक गणना बताते हुए सरकार से पूछा कि समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी का अतिरिक्त लाभ किसानों को क्यों नहीं दिया जा रहा है।
21 क्विंटल धान पर प्रति एकड़ 5418 रुपये का अंतर
केसरवानी ने 21 क्विंटल प्रति एकड़ की अधिकतम खरीदी सीमा के आधार पर भी अंतर सहायता का हिसाब रखा। उनके अनुसार, पुरानी 917 रुपये प्रति क्विंटल की दर से 21 क्विंटल धान पर 19,257 रुपये प्रति एकड़ अंतर सहायता बनती थी। वर्तमान 659 रुपये की दर से यह राशि 13,839 रुपये रह गई है।
दोनों के बीच 5418 रुपये प्रति एकड़ का अंतर है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता 13,839 रुपये प्रति एकड़ सहायता को बड़ी उपलब्धि के रूप में प्रचारित कर रहे हैं, लेकिन यह भी बताना चाहिए कि समर्थन मूल्य बढ़ने के बाद किसानों को अतिरिक्त लाभ क्यों नहीं मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार यदि 3100 रुपये प्रति क्विंटल का लाभ देने की बात करती है, तो समर्थन मूल्य में भविष्य में होने वाली बढ़ोतरी को लेकर भी अपनी नीति स्पष्ट करे।






