
अवैध शराब और गांजा कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, तीन आरोपी गिरफ्तार,सिरगिट्टी, सरकंडा और रतनपुर पुलिस की कार्रवाई


35 पाव शराब, 33 बोतल शराब और 8 किलो से अधिक गांजा जब्त
बिलासपुर। जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सिरगिट्टी और सरकंडा पुलिस ने अवैध शराब बेचने की तैयारी कर रहे दो आरोपियों को पकड़ा, वहीं रतनपुर पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है।
सिरगिट्टी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर प्रगति नगर आवासपारा निवासी सलमान खान को घेराबंदी कर पकड़ा। वह बजाज डिस्कवर बाइक से शराब लेकर बिक्री के लिए जा रहा था। उसके कब्जे से 35 पाव देशी शराब, जिसकी कीमत 2800 रुपये बताई गई है, और घटना में प्रयुक्त बाइक जब्त की गई।
इसी दिन सरकंडा पुलिस ने प्रभात चौक क्षेत्र में दबिश देकर दीपक खटिक निवासी टिकरापारा मोची मोहल्ला को गिरफ्तार किया। उसके पास रखी प्लास्टिक बोरी से गोवा स्पेशल की 25 और यूनिक देशी मसाला की 8 बोतलें बरामद हुईं। कुल 33 बोतलों में 5.940 लीटर शराब थी, जिसकी कीमत करीब 3800 रुपये आंकी गई है।
उधर, रतनपुर पुलिस ने गांजा तस्करी के पुराने मामले में फरार चल रहे 62 वर्षीय रामायण उर्फ मुन्ना पटेल, निवासी हिंडाडीह को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, 15 अक्टूबर को ग्राम जाली में भंवर सिंह नेताम के घर छापेमारी के दौरान 8.185 किलो गांजा जब्त किया गया था। पूछताछ में भंवर सिंह ने गांजा रामायण उर्फ मुन्ना पटेल से खरीदना बताया था। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
तीनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।





