अधिकांश हिस्सों में बारिश का अनुमान
चार दिनों तक बारिश होने का अनुमान लगाया मौसम वैज्ञानिकों ने
बिलासपुर ।छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। पिछले 24 घंटों में कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि सरगुजा संभाग के कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है।
मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पूर्वी झारखंड और उसके आसपास बना कम दबाव का क्षेत्र अभी भी सक्रिय है जबकि उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर भी चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से अगले 48 घंटों में उत्तर बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक और कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। यही सिस्टम छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियों को और बढ़ा सकता है। बिलासपुर संभाग के कई इलाकों में भी अच्छी बारिश हुई। रतनपुर, बेलतरा, पचपेड़ी, भैसमा, कोरबा, बेलगहना, सकरी और मस्तूरी में 5 सेंटीमीटर तक बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं बिलासपुर, पेंड्रा रोड, मरवाही, सीपत और अकलतरा समेत कई जगहों पर 3 सेंटीमीटर तक बारिश हुई। प्रदेश में अब तक की मौसमी सब-डिविजनल वर्षा सामान्य रही है, जिसमें 8 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने 17 अगस्त को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर बहुत भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। इस दौरान गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। अगले दो दिनों के बाद भी प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। यानी आने वाले चार दिन छत्तीसगढ़ के लिए बारिश के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण रहने वाले हैं। खासकर उत्तरी जिलों में भारी बारिश से नदी-नालों का जलस्तर बढ़ सकता है और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग की चेतावनी को नजरअंदाज न करें। भारी बारिश और आकाशीय बिजली के दौरान नदी-नालों, डेम और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने की चेतावनी दी है।