उसलापुर स्टेशन पर खुलेगा मंडल का पहला प्रीमियम ब्रांड कैटरिंग आउटलेट,यात्रियों को मिलेगा एयरपोर्ट जैसी फूड सुविधा

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (एसईसीआर) के बिलासपुर रेल मंडल में पहली बार यात्रियों को एयरपोर्ट जैसी प्रीमियम खानपान सुविधा मिलने जा रही है। भारतीय रेलवे की नई कैटरिंग नीति के तहत मंडल का पहला प्रीमियम ब्रांड कैटरिंग आउटलेट (पीबीसीओ) उसलापुर रेलवे स्टेशन पर खोला जाएगा। इसका टेंडर पूरा हो चुका है और अगस्त के अंतिम सप्ताह तक इसके शुरू होने की संभावना है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस प्रीमियम कैटरिंग आउटलेट का संचालन आईटीसी के माध्यम से किया जाएगा। इसके शुरू होने के बाद यात्रियों को स्टेशन परिसर में स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण और ब्रांडेड खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध होंगे।
अब तक अधिकांश रेलवे स्टेशनों पर छोटे स्टॉलों के माध्यम से चाय, दूध, जूस और सीमित प्रकार के नाश्ते की सुविधा मिलती रही है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद यात्रियों को प्रतिष्ठित फूड ब्रांड के उत्पाद और क्विक सर्विस रेस्टोरेंट जैसी सुविधाएं भी स्टेशन पर उपलब्ध होंगी।
भारतीय रेलवे ने अपनी कैटरिंग नीति-2017 में संशोधन कर प्रीमियम ब्रांड कैटरिंग आउटलेट की नई श्रेणी जोड़ी है। इसके तहत देश के प्रतिष्ठित खाद्य एवं पेय ब्रांड रेलवे स्टेशनों पर अपने आउटलेट संचालित कर सकेंगे। रेलवे का उद्देश्य यात्रियों को एयरपोर्ट और अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों जैसी आधुनिक खानपान सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुसार, पीबीसीओ के लिए कंपनी का ब्रांडेड होना अनिवार्य है। पात्रता के लिए कंपनी के देशभर में लगभग 100 प्रीमियम आउटलेट संचालित होना, कंपनी अधिनियम के तहत पंजीकृत होना तथा निर्धारित वार्षिक कारोबार सहित अन्य मानदंडों को पूरा करना आवश्यक होगा। आउटलेट का आवंटन ई-नीलामी प्रक्रिया के माध्यम से किया जाता है तथा संचालन कंपनी स्वयं या फ्रेंचाइजी के जरिए कर सकती है।
बिलासपुर रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग सिंह ने कहा कि इस पहल से रेलवे स्टेशनों पर ब्रांडेड खाद्य एवं पेय पदार्थों की उपलब्धता बढ़ेगी। यात्रियों को स्वच्छ, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण भोजन के अधिक विकल्प मिलेंगे तथा रेलवे की खानपान व्यवस्था भी आधुनिक और बेहतर बनेगी।