एसीबी, ईओडब्ल्यू की अहम बैठक में आईजी ने कसी कमर

लंबित मामलों के त्वरित निराकरण और जांच में तेजी लाने के दिए निर्देश
बिलासपुर। मुंगेली नाका के पास स्थित मंडल कार्यालय में शनिवार को ईओडब्ल्यू,एसीबी
की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता आईजी अमरेश मिश्रा ने की। बैठक में लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उनके जल्द से जल्द निराकरण,जांच कार्यों में तेजी लाने तथा प्रकरणों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान
ईओडब्ल्यू,एसीबी
से संबंधित लंबित मामलों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली गई तथा प्रत्येक प्रकरण में की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की गई। आईजी अमरेश मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित प्रकरणों के निराकरण में अनावश्यक विलंब न हो और जांच प्रक्रिया को निर्धारित समय सीमा में आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने मामलों की विवेचना में गुणवत्ता,तथ्यात्मकता और कानूनी पहलुओं का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया।उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ईओडब्ल्यू,एसीबी
से जुड़े मामलों में जांच के दौरान उपलब्ध तथ्यों एवं साक्ष्यों का बारीकी से परीक्षण किया जाए,ताकि प्रकरणों को मजबूत कानूनी आधार के साथ आगे बढ़ाया जा सके। साथ ही लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।
न्यायिक एवं विधिक अधिकारियों से भी हुई चर्चा
बैठक में उपस्थित न्यायिक अधिकारियों एवं विधिक गणों से विभिन्न प्रकरणों के संबंध में कानूनी पहलुओं,आवश्यक कार्रवाई और आगे की प्रक्रिया को लेकर सलाह एवं महत्वपूर्ण चर्चा की गई। अधिकारियों ने प्रकरणों को न्यायालयीन स्तर पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने तथा जांच के दौरान आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं के पालन को लेकर अपने सुझाव साझा किए।बैठक में एसीबी प्रभारी डीएसपी अजितेश सिंह,राजीव दुबे,जिला अभियोजन अधिकारी तथा रजनीकांत ठाकुर, मुंगेली विशेष रूप से उपस्थित रहे। इनके साथ एसीबी बिलासपुर के निरीक्षक केशव नारायण आदित्य,निरीक्षक मनीष तंबोली,निरीक्षक योगेश राठौर एवं निरीक्षक विनोद भास्कर भी बैठक में मौजूद रहे।
लंबित प्रकरणों पर विशेष फोकस
बैठक का मुख्य उद्देश्य लंबित प्रकरणों की प्रगति की समीक्षा कर उन्हें जल्द से जल्द निष्पादित करने की दिशा में ठोस कार्ययोजना तैयार करना रहा। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जांच से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए और जहां भी किसी प्रकार की कानूनी या प्रक्रियात्मक बाधा हो,उसका आवश्यक स्तर पर समाधान किया जाए।
आईजी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए
आईजी अमरेश मिश्रा ने ईओडब्ल्यू,एसीबी
के कार्यों में और अधिक गति एवं प्रभावशीलता लाने पर जोर देते हुए अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जांच की प्रत्येक प्रक्रिया में पारदर्शिता और विधिक प्रावधानों का पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
बैठक के अंत में अधिकारियों द्वारा लंबित प्रकरणों के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं प्रगति से अवगत कराया गया। बैठक को ईओ डब्ल्यू,एसीबी की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने तथा लंबित मामलों के त्वरित निराकरण की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।