शिक्षा की अलख जगाने आगे आया श्री सर्वेश्वरी समूह, 70 बच्चों को बांटे स्कूल बैग किट

पढ़ाई के साथ पर्यावरण संरक्षण का भी दिया संदेश, विद्यालय परिसर में किया पौधरोपण
पथरिया/मुंगेली। ग्रामीण अंचल के बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने और उनमें पढ़ाई के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से श्री सर्वेश्वरी समूह कोनी, बिलासपुर ने शासकीय प्राथमिक शाला खैरझिटी, विकासखंड पथरिया में शुक्रवार को सामाजिक व शैक्षणिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय के 70 बच्चों को निःशुल्क स्कूल बैग किट वितरित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जनपद पंचायत अध्यक्ष चित्रलेखा जांगड़े ने परम पूज्य अघोरेश्वर भगवान राम जी एवं परम पूज्य गुरुपद संभव राम जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण, धूप-दीप प्रज्वलन, पूजन और आरती के साथ किया।
श्री सर्वेश्वरी समूह की ओर से बच्चों को दिए गए स्कूल बैग किट में स्कूल बैग, कॉपी, ऑल-इन-वन पुस्तक, पेंसिल बॉक्स, पेन, इरेजर एवं शार्पनर सहित दैनिक शैक्षणिक उपयोग की सामग्री शामिल थी। नई शैक्षणिक सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण बच्चों को पढ़ाई के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध करा कर उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित करना रहा। इसके साथ ही कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। संस्था के सदस्यों, अतिथियों एवं स्कूली बच्चों ने विद्यालय परिसर में संयुक्त रूप से पौधरोपण किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने शिक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण के महत्व के साथ श्री सर्वेश्वरी समूह के मुख्य उद्देश्य पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में युवा नेता व सामाजिक कार्यकर्ता महेश पटेल, खैरझिटी उपसरपंच मिथुन मरकाम, सेमरचुवा सरपंच टेकलाल, शिक्षक सी.पी. पाण्डेय, सुमन यादव, शेखर नेताम, अर्जुन यादव और नेमसिंग साहू सहित ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने व व्यवस्थापन में श्री सर्वेश्वरी समूह के मंत्री उमेश नारायण मिश्रा, हिमांशु तिवारी, जे.एस. चौहान, संजय मालगे, खिलावन राम ध्रुव, अभिजीत तिवारी, सारंग दुबे, धर्मेंद्र श्रीवास, भगवान दास लाहोरनी, संतोष केवट सहित समूह की युवा संगठन टीम का सराहनीय योगदान रहा।