कवर्धा में चार जिलों के कृषि विज्ञान केंद्रों की वैज्ञानिक सलाहकार समिति की बैठक संपन्न

कृषि विज्ञान केंद्रों के कार्यों की समीक्षा की गई, आगामी वर्ष की कार्ययोजना पर हुआ मंथन
बिलासपुर/कवर्धा।
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) बिलासपुर, भाटापारा, मुंगेली और कवर्धा की संयुक्त ‘वैज्ञानिक सलाहकार समिति’ (SAC) की महत्वपूर्ण बैठक बीते कल 15 जुलाई 2026 को कवर्धा में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस उच्च स्तरीय बैठक की शुरुआत निदेशक विस्तार सेवाएं के प्रतिनिधि के रूप में उपस्थित डॉ. जी. पी. आयाम की अध्यक्षता में हुई। बैठक में चारों जिलों के कृषि विज्ञान केंद्रों द्वारा विगत वर्ष में किए गए कार्यों एवं गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा आगामी वर्ष में कृषक कल्याण के लिए किए जाने वाले कार्यों की रूपरेखा तैयार कर महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए।

बैठक के दौरान सभी कृषि विज्ञान केंद्रों के वरिष्ठ वैज्ञानिकों द्वारा प्रगति प्रतिवेदन एवं आगामी कार्ययोजना का प्रस्तुतिकरण (Presentation) किया गया। इसमें कृषि विज्ञान केंद्र बिलासपुर का प्रस्तुतिकरण डॉ. शिल्पा कौशिक मोदी ने, भाटापारा का डॉ. प्रदीप कश्यप ने, मुंगेली का डॉ. सतीश वर्मा ने तथा कवर्धा का प्रस्तुतिकरण डॉ. बी. पी. त्रिपाठी ने अत्यंत प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर निदेशक विस्तार सेवाओं के प्रतिनिधि सदस्य के रूप में डॉ. रंजीत सिंह राजपूत, कृषि विज्ञान केंद्र बिलासपुर की डॉ. गीत शर्मा, भाटापारा के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. अंगद सिंह राजपूत, मुंगेली के डॉ. सतीश वर्मा और कवर्धा के डॉ. बी. पी. त्रिपाठी सहित चारों केंद्रों के समस्त वैज्ञानिक एवं तकनीकी कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रगतिशील किसानों और समिति सदस्यों ने साझा किए विचार:
कृषकों की आय दोगुनी करने और उन्नत कृषि तकनीकों को जमीन तक पहुँचाने के उद्देश्य से आयोजित इस बैठक में सलाहकार समिति के सदस्यों और विभागीय अधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। बिलासपुर के उपसंचालक कृषि (DDA) का प्रतिनिधित्व करते हुए शशांक शिंदे बैठक में शामिल हुए। इसके साथ ही समिति सदस्य राघवेंद्र सिंह चंदेल (बिलासपुर), माधव सिंह, अजय सिंह, रेशम बाई, माखन श्रीवास्तव एवं अन्य जिलों के कृषि स्थाई समिति के सदस्यों तथा बड़ी संख्या में आए कृषक भाई-बहनों ने कृषि विकास को गति देने के लिए अपने बहुमूल्य सुझाव साझा किए।
कृषि विज्ञान केंद्र बिलासपुर ने जताया आभार:
बैठक के सफल समापन पर कृषि विज्ञान केंद्र बिलासपुर द्वारा इस आयोजन को सफल बनाने के लिए प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, वैज्ञानिकों, कर्मचारी भाई-बहनों और किसान मित्रों का सहृदय धन्यवाद ज्ञापित किया गया। साथ ही यह आग्रह भी किया गया कि वैज्ञानिक सलाहकार समिति की बैठकें भविष्य में भी इसी तरह समय पर आयोजित होती रहें, ताकि किसानों तक वैज्ञानिक अनुसंधानों का लाभ समयबद्ध तरीके से पहुँचता रहे।