Blog

गांजा पीने की शिकायत पर मारा चापड़

जूनीलाइन में नशेड़ियों की पुलिस से शिकायत करना युवक के पिता को पड़ा भारी

नशे में धुत आरोपी ने किया जानलेवा हमला

बिलासपुर। जूनीलाइन में घर के आसपास गांजा पीने वालों की पुलिस से शिकायत करना एक युवक के पिता को भारी पड़ गया। शिकायत से नाराज नशे में धुत युवक ने सोमवार शाम शिकायतकर्ता के पिता पर चापड़ से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल राजेंद्र रजक को सिम्स में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार सदर बाजार जूनीलाइन निवासी आदित्य रजक ने अपने घर के आसपास गांजा पीने वालों की शिकायत कोतवाली पुलिस से की थी। इसकी जानकारी गोंड़पारा निवासी सत्यम यादव को हो गई। सोमवार शाम सत्यम नशे की हालत में राजेंद्र रजक के पास पहुंचा और विवाद करते हुए चापड़ से उन पर हमला कर दिया। हमले में राजेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए।

वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और उसे गोंड़पारा से पकड़ लिया। बताया गया कि गिरफ्तारी के समय सत्यम इतना नशे में था कि वह पुलिस को ठीक से जवाब भी नहीं दे पा रहा था। पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है और घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *