Blog

चलती ट्रेन से गिरा युवक, गेट पर बैठकर आई नींद बनी हादसे की वजह, गंभीर रूप से घायल

बिलासपुर । चलती ट्रेन के गेट पर बैठना एक युवक को भारी पड़ गया। गेट पर बैठे-बैठे उसे नींद आ गई और अचानक झटका लगने से वह नीचे गिर गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक, यह घटना देर रात करीब 3 बजे 12859 सीएसएमटी-हावड़ा गीतांजलि एक्सप्रेस में हुई। गुना निवासी श्रीमोहन अपने साथी सोनू वैष्णव के साथ अहमदाबाद से चक्रधरपुर जा रहा था। ट्रेन में भीड़ अधिक होने के कारण दोनों को सीट नहीं मिली, जिसके चलते वे कोच के गेट पर बैठ गए।

यात्रा के दौरान गेट पर बैठे श्रीमोहन को नींद आ गई। दाधापारा स्टेशन के पास अचानक झटका लगने से वह गहरी नींद में ही ट्रेन से नीचे गिर गया। घटना को देख उसके साथी ने तुरंत चेन पुलिंग कर ट्रेन रुकवाई और अन्य यात्रियों की मदद से घायल को बाहर निकाला।

चेन पुलिंग के कारण ट्रेन दाधापारा और बिलासपुर के बीच करीब आधे घंटे तक खड़ी रही। सूचना मिलने पर जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तुरंत सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। हादसे के बाद एक बार फिर ट्रेन में सुरक्षा और सतर्कता को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *