रेलवे क्वार्टर में चोरों ने सूने घर को बनाया निशाना, लाखों के जेवर-नकदी ले उड़े

बिलासपुर । तारबाहर थाना क्षेत्र में एक बार फिर बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रेलवे हॉस्पिटल के पास स्थित गणेश मंदिर मार्ग पर सूने रेलवे क्वार्टर को निशाना बनाते हुए चोरों ने लाखों के जेवर और नकदी पार कर दी।

मामला गणेश मंदिर रेलवे हॉस्पिटल रोड का है, जहां रेलकर्मी मनीष साहू अपने परिवार के साथ शादी समारोह में गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर का मुख्य दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और पूरे मकान को खंगाल दिया। अलमारी से करीब 50 हजार रुपये नकद और लगभग 4 तोला सोने के जेवरात चोरी कर लिए गए।

पीड़ित के मुताबिक चोरी हुए सामान में मंगलसूत्र, अंगूठी, गले की चेन समेत अन्य आभूषण शामिल हैं। कुल नुकसान 4 से 5 लाख रुपये आंका जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इलाके में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है, लेकिन इस पर कभी ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे चोरों के हौसले बुलंद हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। हालांकि अब तक चोरों का कोई सुराग नहीं मिला है। इस घटना के बाद इलाके के अन्य रेलकर्मियों में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठा रहे हैं।