ढाबा संचालक पर पेट्रोल छिड़ककर हत्या का प्रयास,6 आरोपी गिरफ्तार

सीसीटीवी फुटेज बना जानलेवा विवाद
पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का प्रयास, चाकू लहराकर दी जान से मारने की धमकी
बिलासपुर।मोबाइल की सीसीटीवी फुटेज देखने को लेकर शुरू हुआ विवाद ढाबा संचालक को कथित तौर पर जिंदा जलाने की कोशिश तक पहुंच गया। सकरी थाना क्षेत्र में छह युवकों ने ढाबे पर धावा बोलकर संचालक और कर्मचारियों से मारपीट की, पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का प्रयास किया, चाकू लहराकर जान से मारने की धमकी दी और मौके पर दहशत फैला दी। सकरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, भूण्डा निवासी इस्माइल खान उर्फ सोनू का ढाबा सकरी क्षेत्र में संचालित करता है। 13 जुलाई की रात संकेत कुमार जायसवाल अपने साथियों के साथ ढाबे पर खाना खाने आया था। अगले दिन वह दोबारा पहुंचा और दावा किया कि उसका मोबाइल ढाबे में छूट गया है। उसने CCTV फुटेज देखने की मांग की। करीब 45 मिनट तक फुटेज देखने के बाद भी मोबाइल दिखाई नहीं दिया तो आरोप है कि उसके साथी आर्यन दुबे ने ढाबे के कर्मचारी विनोद टोंडे से मारपीट शुरू कर दी। कर्मचारियों के बीच-बचाव से मामला उस समय शांत हो गया।
प्राथमिकी के अनुसार, 15 जुलाई की सुबह करीब 10 बजे संकेत कुमार जायसवाल अपने पांच साथियों के साथ फिर ढाबे पर पहुंचा। आरोप है कि सभी ने मिलकर पुराने विवाद का बदला लेने की नीयत से ढाबा संचालक और कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज व मारपीट की। इस दौरान आरोपियों ने पेट्रोल छिड़ककर लाइटर से आग लगाने का प्रयास किया और बटनदार चाकू सहित अन्य हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी।
घटना की सूचना मिलते ही सकरी पुलिस ने मामला दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस ने सभी छह आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। उनके कब्जे से बटनदार चाकू समेत घटना में प्रयुक्त अन्य सामान जब्त किया गया है। पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज भी अपने कब्जे में लेकर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।