तेज रफ्तार बाइक का विरोध करने पर तीन भाइयों पर रॉड-कैंची से हमला
गैस डिलीवरी बॉय से शराब के लिए मांगे पैसे, बिलासपुर में अलग-अलग घटनाओं में मारपीट
पुलिस ने दोनों मामलों में दर्ज किया अपराध
बिलासपुर। जिले में अलग-अलग स्थानों पर मामूली बात को लेकर विवाद के बाद मारपीट की दो घटनाएं सामने आई हैं। जलसो बाजार के पास तेज रफ्तार बाइक चलाने का विरोध करने पर तीन भाइयों पर रॉड और कैंची से हमला कर दिया गया, वहीं सरकंडा क्षेत्र में गैस सिलेंडर डिलीवरी बॉय से शराब पीने के लिए पैसे मांगे गए और इनकार करने पर बेल्ट-डंडे से उसकी पिटाई कर दी गई। दोनों मामलों में पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
दरअसल पहली घटना जलसो बाजार के पास की है। ग्राम नरगोड़ा निवासी वीरेंद्र केशरवानी बिल्हा में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर काम करते हैं। शुक्रवार दोपहर वह अपने भाइयों और परिजनों के साथ बहन सुप्रिया को उसकी ससुराल रमतला छोड़ने गए थे। वापस लौटते समय जलसो बाजार के पास दो युवक दीपराज वर्मा और ननटू वर्मा मॉडिफाइड बाइक को तेज रफ्तार में लहराते हुए निकले।
वीरेंद्र ने बाइक धीरे चलाने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों युवक नाराज हो गए और कुछ देर बाद अपने साथियों को बुला लिया। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने वीरेंद्र और उनके भाइयों दीपक व निखिल के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान हाथ-मुक्कों के साथ रॉड और कैंची से भी हमला किया गया। घटना में तीनों भाइयों को चोटें आई हैं। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शराब के लिए पैसे नहीं दिए तो गैस डिलीवरी बॉय को पीटा
दूसरी घटना सरकंडा थाना क्षेत्र के बसंत विहार और एफसीआई गोदाम के आसपास की है। राजस्थान के बीकानेर निवासी सुरेंद्र बिश्नोई लिंगियाडीह में रहकर गैस सिलेंडर डिलीवरी का काम करते हैं। शुक्रवार रात वह सामान लेकर अपने घर लौट रहे थे। एफसीआई गोदाम के पास पहुंचने पर मोहल्ले के ननका साहू, कृष्णा साहू और लेखू ढीमर ने उन्हें रास्ते में रोक लिया।
आरोप है कि तीनों युवकों ने सुरेंद्र से शराब पीने के लिए रुपए मांगे। सुरेंद्र ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपी अड़ गए और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने बेल्ट और डंडे से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश शुरू कर दी है। दोनों मामलों में पुलिस मारपीट के कारणों, घटना में शामिल अन्य लोगों और आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।