Blog

दुर्गा दर्शन के बाद गुपचुप खाना पड़ा भारी,एक ही परिवार के 7 लोग फूड पॉइजनिंग के शिकार,सिम्स में भर्ती

बिलासपुर । न्यायधानी में देर रात गुपचुप खाने के बाद एक ही परिवार के सात लोगों की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। इनमें महिलाएं, पुरुष और बच्चे भी शामिल हैं। सभी लोग दुर्गा प्रतिमाओं के दर्शन करने के लिए बिलासपुर पहुंचे थे। देर रात सीएमडी कॉलेज मैदान में गुपचुप खाने के कुछ समय बाद सभी की तबीयत बिगड़ गई। फूड पॉइजनिंग की आशंका के बीच सभी को सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। इस घटना के बाद खानपान की गुणवत्ता और खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम परसदा निवासी साहू परिवार के सदस्य बीती रात दुर्गा दर्शन के लिए बिलासपुर आए थे। परिवार के लोग देर रात करीब 12 बजे सीएमडी कॉलेज मैदान पहुंचे, जहां उन्होंने गुपचुप खाया। इसके बाद परिवार के सात सदस्यों की तबीयत बिगड़ने की बात सामने आई। सभी को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
इस घटना में संतोषी साहू (27 वर्ष), महेश साहू (32 वर्ष), सोमेश साहू (15 वर्ष), सुमन साहू (18 वर्ष), सुजीता साहू (16 वर्ष), प्रभा साहू (26 वर्ष) और छह वर्षीय शिवांश साहू शामिल हैं। सभी ग्राम परसदा के निवासी हैं।

खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर सवाल

एक ही परिवार के सात लोगों की तबीयत बिगड़ने की घटना ने खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, गुपचुप खाने और तबीयत बिगड़ने के बीच संबंध की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। खाद्य पदार्थ दूषित होने या अन्य किसी कारण से परेशानी हुई, यह भी स्पष्ट होना बाकी है। फिलहाल सभी प्रभावितों का सिम्स अस्पताल में उपचार जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *