पुरानी रंजिश में एक ही परिवार के तीन लोगों पर हमला
सात नामजद समेत अन्य पर केस
बिलासपुर। कोटा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर एक ही परिवार के तीन लोगों पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर सात नामजद आरोपियों समेत अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम निवासी प्रमोद विश्वकर्मा अपनी वेल्डिंग दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान गांव के प्रीतम सिंह खुसरो, पितांबर, प्रकाश, कुलदीप, अंशु, बेनी तथा उनके अन्य साथी पांच-छह मोटरसाइकिल और साइकिल से वहां पहुंचे। आरोप है कि सभी शराब के नशे में थे।
आरोपियों ने आते ही गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और प्रमोद विश्वकर्मा के साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके भतीजे बजरंग और भतीजी लक्ष्मी के साथ भी मारपीट की गई। हमले में प्रमोद के सिर, पीठ और दोनों पैरों में चोटें आई हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।