बहतराई स्टेडियम में 6 सितंबर को सजेगा तीजा तिहार,जुटेंगी 7 हजार महिलाएं,सीएम विष्णुदेव साय के शामिल होने की संभावना

बिलासपुर। बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के बहतराई स्टेडियम में 6 सितंबर को तीजा तिहार का भव्य आयोजन किया जाएगा। विधायक सुशांत शुक्ला की पहल पर होने वाले इस कार्यक्रम में करीब 6 से 7 हजार महिलाओं के जुटने का अनुमान है। कार्यक्रम सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। इसमें छत्तीसगढ़ की लोकगायिका गरिमा और स्वर्णा दिवाकर अपनी पूरी टीम के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुति देंगी। उनके छत्तीसगढ़ी गीतों पर महिलाएं तीज उत्सव का आनंद लेंगी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के भी शामिल होने की संभावना है। आयोजन की जिम्मेदारी विधायक की ओर से कमल सखी युवा महिला मोर्चा को दी गई है। आयोजकों की ओर से करीब 6 हजार महिलाओं को निमंत्रण दिया जा चुका है और संख्या बढ़कर 7 हजार तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
कड़ू भात, मेहंदी समेत होंगी पारंपरिक गतिविधियां
तीजा तिहार को छत्तीसगढ़ की पारंपरिक संस्कृति और महिलाओं के प्रमुख पर्व के रूप में मनाने के लिए कार्यक्रम में कई पारंपरिक गतिविधियां रखी गई हैं। महिलाओं के लिए कड़ू भात, मेहंदी और अन्य पारंपरिक आयोजन होंगे। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।आयोजकों ने सांसद, विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों की पत्नियों के साथ महिला विधायकों को भी आमंत्रित किया है। इसके अलावा कांग्रेस विधायकों और नेताओं की पत्नियों को भी निमंत्रण भेजा गया है। आयोजन को राजनीतिक दलों की सीमाओं से ऊपर उठाकर महिलाओं के सामूहिक तीज उत्सव के रूप में प्रस्तुत करने की कोशिश की जा रही है।
पिछले साल 4 हजार महिलाएं हुई थीं शामिल
बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में पिछले वर्ष भी तीजा तिहार का आयोजन किया गया था, जिसमें करीब 4 हजार महिलाएं शामिल हुई थीं। इस बार आयोजन का दायरा बढ़ाकर 6 से 7 हजार महिलाओं तक किया गया है। तीज के दिन महिलाओं के मायके जाने की परंपरा को देखते हुए इस बार पर्व से पहले रविवार को आयोजन रखा गया है, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं इसमें शामिल हो सकें।