बैमा में बारिश बनी तबाही, बाढ़ से कई घर ढहे
100 क्विंटल पीडीएस चावल भी खराब
अवैध निर्माण पर ग्रामीणों का आरोप, पानी निकासी रुकी तो गांव बना जलभराव का तालाब
बिलासपुर । लगातार हो रही बारिश ने बैमा गांव में भारी तबाही मचा दी है। बाढ़ के पानी से कई मकान ढह गए, परिवार बेघर हो गए और सार्वजनिक वितरण प्रणाली के लिए रखा करीब 100 क्विंटल चावल भी खराब हो गया। ग्रामीण इस आपदा के लिए नाले पर हुए कथित अवैध निर्माण को जिम्मेदार बता रहे हैं।
लगातार हुई मूसलाधार बारिश के बाद बैमा गांव में पानी तेजी से रिहायशी इलाकों में घुस गया। कई कच्चे मकान जमींदोज हो गए और लोगों का घरेलू सामान, राशन व जरूरी सामान पानी में बह गया। ग्रामीणों का आरोप है कि एसएस पब्लिक स्कूल के सामने नाले पर किए गए कथित अवैध कब्जे और पुल निर्माण से पानी की निकासी बाधित हो गई, जिससे पूरा गांव जलमग्न हो गया। बाढ़ का असर गांव के पीडीएस चावल गोदाम पर भी पड़ा, जहां रखा करीब 100 क्विंटल अनाज पानी में भीगकर खराब हो गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे, पीड़ित परिवारों को तत्काल राहत और कथित अवैध निर्माण की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है। अब लोगों की नजर प्रशासन के अगले कदम पर टिकी है।