रतनपुर में मुस्लिम समाज के सामुदायिक भवन और कब्रिस्तान के लिए अहाता निर्माण की मांग, समाज प्रमुखो के साथ पार्षदों ने केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू को सौंपा ज्ञापन

रतनपुर से वासित अली की रिपोर्ट
रतनपुर। नगर पालिका क्षेत्र में मुस्लिम समाज के लिए सामुदायिक भवन और कब्रिस्तान में अहाता निर्माण को लेकर समाज के लोगों ने व जनप्रतिनिधियों ने केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू को ज्ञापन सौंपकर स्वीकृत राशि उपलब्ध कराने की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया है कि रतनपुर नगर क्षेत्र में मुस्लिम समाज के बाहुल्य क्षेत्र में समाज के लोगों के लिए सामाजिक गतिविधियों के आयोजन हेतु सामुदायिक भवन नहीं होने से परेशानी का सामना करना पड़ता है। ज्ञापन में सामुदायिक भवन के लिए करीब 50 डिसमिल जमीन उपलब्ध होने की बात कही गई है और भवन निर्माण के लिए 35 लाख रुपये की राशि स्वीकृत करने की मांग की गई है।
इसी तरह मुस्लिम समाज के कब्रिस्तान की जमीन पर अहाता नहीं होने के कारण अतिक्रमण व असामाजिक तत्वों के द्वारा शराब खोरी और जानवरों आदि से संबंधित समस्याओं का उल्लेख करते हुए कब्रिस्तान के अहाता निर्माण के लिए 40 से 35 लाख रुपये की राशि स्वीकृत करने का अनुरोध किया गया है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि दोनों कार्यों को पूर्व में तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह द्वारा स्वीकृत किया जा चुका है। नगर पालिका परिषद रतनपुर की बैठक में भी इन कार्यों के लिए परिषद की ओर से अनुमति/प्रस्ताव भेजे जाने और चेक लिस्ट तैयार होने की बात कही गई है, लेकिन राशि उपलब्ध नहीं होने के कारण कार्य रुका हुआ है।
जनप्रतिनिधियों ने केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू से मांग की है कि कार्य की उपयोगिता को देखते हुए सामुदायिक भवन और कब्रिस्तान के अहाता निर्माण के लिए स्वीकृत राशि उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाए।
अब देखना होगा कि लंबे समय से लंबित इन दोनों कार्यों को लेकर शासन स्तर पर क्या निर्णय लिया जाता है।