Blog

शराब भट्टी के पास गुंडागर्दी का खेल,दो युवकों को बाइकसमेत गिराकर पीटा,

जान से मारने की धमकी देकर मोबाइल-पर्स लूटे

बिलासपुर । कोटा थाना क्षेत्र में गनियारी शराब भट्ठी के पास दो युवकों ने बाइक सवार युवकों को रोककर मारपीट करने और मोबाइल व पर्स लूटने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पहले बाइक का हैंडल पकड़कर दोनों युवकों को सड़क पर गिराया, फिर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट कर फरार हो गए। मारपीट में एक युवक के चेहरे और आंख के पास चोट आई है।

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम नगपुरा, थाना सिरगिट्टी निवासी भवानी सूर्यवंशी निजी कंप्यूटर ऑपरेटर का काम करता है। वह 13 सितंबर को अपने दोस्त आकाश डहरिया के साथ मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 10बीजे 5304 से घूमने के लिए कोटा आया था।शाम करीब 7:30 बजे दोनों गनियारी शराब भट्ठी से शराब लेकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान भट्ठी के पास इमली पेड़ के नजदीक दो अज्ञात युवकों ने उनकी बाइक का हैंडल पकड़ लिया। अचानक बाइक सहित दोनों जमीन पर गिर पड़े।
आरोप है कि इसके बाद दोनों युवकों ने मां-बहन की अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी और मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान आरोपियों ने
भवानी की जेब से ओप्पो रेनो 15 प्रो और रेडमी 12 5जी के साथ पर्स भी खींच लिया और मौके से फरार हो गए। हमले में आकाश डहरिया की बाईं आंख और बाएं गाल में चोट लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सिम्स अस्पताल बिलासपुर में भर्ती कराया गया है। भवानी को चोट नहीं आई है। पीड़ित ने दो दिन बाद 15 सितंबर को कोटा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2), 296, 3(5), 304 और 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान और लूटे गए सामान की बरामदगी के लिए पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *