सिटी बस डिपो से पत्रकार कॉलोनी तक फोरलेन मंजूर,14 करोड़ रुपए से बनेगी 2.20 किमी फोरलेन सड़क

15 हजार से ज्यादा लोगों को मिलेगा सीधा फायदा
30 सितंबर तक टेंडर की तैयारी
बिलासपुर। सिटी बस डिपो के पास से पत्रकार कॉलोनी और अशोक नगर को जोड़ने वाली बायपास सड़क अब टू-लेन की बजाय फोरलेन बनेगी। लंबे इंतजार के बाद शासन ने सड़क के लिए 14 करोड़ रुपए के संशोधित प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। पूर्व में टू-लेन सड़क के लिए चल रही टेंडर प्रक्रिया अब निरस्त कर फोरलेन के लिए नए सिरे से टेंडर आमंत्रित किए जाएंगे। लोक निर्माण विभाग ने 30 सितंबर तक टेंडर प्रक्रिया पूरी करने और बारिश के बाद 15 अक्टूबर से निर्माण शुरू करने की तैयारी की है।
इस सड़क के निर्माण में लंबे समय से देरी हो रही थी। बारिश के दौरान कच्चा मार्ग कीचड़ में तब्दील हो जाता है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। आसपास नई कॉलोनियां विकसित होने से मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव भी लगातार बढ़ा है। इसी को देखते हुए विभाग ने जनवरी में संशोधित प्रस्ताव भेजा था। प्रस्ताव में कई बार संशोधन और फाइलों की आवाजाही के कारण मंजूरी में करीब 3 महीने का समय लगा। इस दौरान मार्ग की वीडियोग्राफी भी कराई गई। भविष्य के ट्रैफिक दबाव को देखते हुए अंततः फोरलेन सीसी रोड बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
2.20 किमी फोरलेन, 1.30 किमी सिंगल लेन
नई योजना के तहत सिटी बस डिपो से पत्रकार कॉलोनी तक करीब 2.20 किमी सड़क फोरलेन सीसी रोड के रूप में विकसित की जाएगी। इसके आगे कॉलोनी क्षेत्र में लगभग 1.30 किमी हिस्से में सिंगल लेन सड़क बनाई जाएगी। इसी बदलाव के आधार पर विभाग ने 14 करोड़ रुपए का संशोधित एस्टीमेट तैयार किया है।
4 करोड़ से शुरू हुआ प्रस्ताव, अब 14 करोड़
परियोजना में यह तीसरा बड़ा संशोधन है। शुरुआत में सड़क निर्माण की लागत करीब 4 करोड़ रुपए आंकी गई थी। बाद में इसे बढ़ाकर 8.30 करोड़ रुपए किया गया। टू-लेन सड़क का टेंडर जारी होने के बाद भविष्य में बढ़ने वाले ट्रैफिक को देखते हुए विभाग ने फोरलेन सीसी रोड के लिए 14 करोड़ रुपए का नया प्रस्ताव शासन को भेजा था।
15 हजार से ज्यादा लोगों को मिलेगी राहत
सड़क बनने से अशोक नगर, फॉरेस्ट कॉलोनी, पत्रकार कॉलोनी, महावीर आवासीय परिसर, अटल आवास और ड्रीम रेसिडेंसी सहित आसपास की कॉलोनियों में रहने वाले 15 हजार से ज्यादा लोगों को सीधा फायदा मिलेगा। बारिश में कीचड़ और गर्मी में धूल की समस्या से भी लोगों को राहत मिलेगी।
रतनपुर-सीपत के लिए बनेगा वैकल्पिक रास्ता
बायपास बनने के बाद रतनपुर से कोनी और अशोक नगर होते हुए सीपत की ओर आवागमन आसान होगा। वर्तमान में मुरुम सड़क होने के कारण बारिश में आवाजाही प्रभावित होती है। फोरलेन बनने से यह मार्ग वैकल्पिक शॉर्टकट के रूप में उपयोगी होगा और शहर के मुख्य मार्गों पर ट्रैफिक का दबाव कम करने में भी मदद मिलेगी।
वर्जन
बायपास को प्राथमिकता इसलिए दी जाती है कि शहर के अंदर और आउटर क्षेत्र में ट्रैफिक का दबाव लगातार बढ़ रहा है। ट्रैफिक को सुरक्षित तरीके से डायवर्ट करने से शहर के भीतर दुर्घटनाओं का जोखिम कम किया जा सकता है।
वायके गोपाल
पूर्व अधीक्षण अभियंता पीडब्ल्यूडी
वर्जन
उनके पास फिलहाल फोरलेन सड़क की मंजूरी की आधिकारिक जानकारी नहीं पहुंची है। मुख्यालय स्तर पर कई प्रस्तावों को मंजूरी मिलने की प्रक्रिया चल रही है।
आरके रात्रे
चीफ इंजीनियर
बिलासपुर सर्किल पीडब्ल्यूडी