Blog

48 लाख के पैकेज का झूठ बोलकर पीएचडी छात्रा से रचाई शादी

अगले दिन खुला राज

खुद को बिट्स पिलानी का बी टेक और कंपनी में मैनेजर बताया

बेरोजगार निकला युवक,शादी में दिए जेवर भी नकली

बिलासपुर।ऊंचे पैकेज और संपन्न परिवार का झूठा दिखावा कर पीएचडी छात्रा से शादी करने का मामला सामने आया है। खुद को बिट्स पिलानी से बी टेक और जयपुर की कंपनी में 48 लाख रुपए सालाना पैकेज पर डाटा एनालिस्ट मैनेजर बताने वाले युवक की शादी के अगले ही दिन पोल खुल गई। वह बेरोजगार निकला और अपने पिता के साथ इमू पक्षी के तेल का कारोबार करता मिला। शादी में दुल्हन को दिए गए जेवर भी जांच में नकली पाए गए। पीड़िता की शिकायत पर कोनी पुलिस ने दूल्हे, उसके पिता और मां के खिलाफ 6.76 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दरअसल जशपुर निवासी 30 वर्षीय युवती गुरु घासीदास विश्वविद्यालय,कोनी से पीएचडी कर रही है। वर्ष 2022 में उसकी मुलाकात हाईस्कूल के सहपाठी हर्षदीप राम जाड़ी से हुई थी। मई 2024 में हर्षदीप ने युवती के सामने शादी का प्रस्ताव रखा। इसके बाद जनवरी 2025 में एक कैफे में उसने अपना बायोडाटा दिया। इसमें उसने खुद को बिट्स पिलानी से बी टेक और जयपुर की एक कंपनी में 48 लाख रुपए सालाना पैकेज पर मैनेजर बताया। इतना ही नहीं, उसने अपने पिता के कारोबार का सालाना टर्नओवर 88 लाख रुपए और परिवार के पास 200 एकड़ जमीन होने का दावा भी किया। युवक की बताई जानकारी पर भरोसा कर युवती के परिजन शादी के लिए तैयार हो गए।

शादी के अगले दिन ही सामने आने लगी सच्चाई

12 मार्च को एक बड़े होटल में दोनों की शादी हुई। शादी के दौरान आरोपी और उसकी मां के बैंक खातों में 5.56 लाख रुपए ट्रांसफर किए गए। शादी की रात ही टेंट और कैटरिंग वालों ने भुगतान को लेकर काम रोक दिया। स्थिति संभालने के लिए वधू पक्ष को मौके पर 1.80 लाख रुपए का भुगतान करना पड़ा।
अगले दिन होटल का बिल नहीं चुकाने पर होटल प्रबंधन ने आरोपी की कार रोक ली। इसके बाद दूल्हा और उसका पिता मोबाइल बंद कर वहां से गायब हो गए। मामले की जानकारी जुटाने पर युवती और उसके परिजनों के सामने आरोपी के किए गए दावे एक-एक कर झूठे साबित होने लगे।

न इंजीनियर निकला, न 48 लाख की नौकरी

पूछताछ में हर्षदीप ने स्वीकार किया कि वह न तो इंजीनियर है और न ही किसी कंपनी में नौकरी करता है। वह अपने पिता के साथ इमू पक्षी के तेल का कारोबार करता है। शादी में दुल्हन को दिए गए जेवरों की जांच कराने पर वे भी नकली निकले। इसके बाद पीड़िता ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की।

जशपुर में जीरो एफआईआर,कोनी भेजी गई केस डायरी

पीड़िता ने जशपुर में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वहां जीरो में एफआईआर दर्ज करने के बाद केस डायरी कोनी थाना भेजी गई। अब कोनी पुलिस बैंक खातों में हुए लेनदेन के साथ आरोपी की शैक्षणिक डिग्री, नौकरी, 48 लाख रुपए के पैकेज, जमीन और कारोबार से जुड़े दावों की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि शादी के लिए आरोपी और उसके परिजनों ने युवती के परिवार को किस तरह की जानकारी देकर भरोसे में लिया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *