सिरगिट्टी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अड्डेबाजी और नशाखोरी करने वाले 7 आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर । सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। अड्डेबाजी, नशाखोरी और अशांति फैलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर, नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन और थाना प्रभारी प्रशिक्षु डीएसपी आकाश चौधरी के मार्गदर्शन में की गई। थाना क्षेत्र के चिन्हित अड्डों पर लगातार चेकिंग के दौरान आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में त्रिलोक कौशिक उर्फ सोनू कौशिक, बुद्धेश्वर धुरी उर्फ कमल, रंजीत रात्रे, प्रदीप धुरी, अमरजीत यादव, अमित यादव और अंकित यादव शामिल हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई के बाद कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि नशाखोरी, अड्डेबाजी या सार्वजनिक शांति भंग करने वाले असामाजिक तत्वों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सिरगिट्टी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे तत्वों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।