Blog

हर घर तिरंगा अभियान : वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ पर लखीराम ऑडिटोरियम में लगी भव्य प्रदर्शनी

फोटो प्रदर्शनी के माध्यम से वंदे मातरम् के इतिहास से रूबरू हुए नागरिक, सामूहिक गायन से गूंजा ऑडिटोरियम

बिलासपुर। हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर आज नगर निगम बिलासपुर द्वारा स्वर्गीय लखीराम ऑडिटोरियम में विशेष फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी के माध्यम से देश के स्वतंत्रता आंदोलन में वंदे मातरम् की भूमिका, इसके ऐतिहासिक महत्व एवं राष्ट्रीय चेतना के निर्माण में इसके योगदान से आम नागरिकों को परिचित कराया गया।

प्रदर्शनी में वंदे मातरम् के इतिहास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण प्रसंगों एवं ऐतिहासिक घटनाओं को छायाचित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी ने उपस्थित नागरिकों और विद्यार्थियों को राष्ट्रीय गीत की गौरवशाली यात्रा तथा स्वतंत्रता संग्राम के दौरान इसके प्रभाव को समझने का अवसर प्रदान किया।

कार्यक्रम के दौरान वंदे मातरम् का सामूहिक गायन भी किया गया। स्वामी आत्मानंद शासकीय लाल बहादुर शास्त्री स्कूल की छात्राओं ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन कर पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया। उपस्थित सभी लोगों ने भी सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गीत का गायन किया।

इस अवसर पर बिलासपुर विधायक श्री अमर अग्रवाल, महापौर श्रीमती पूजा विधानी, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री दीपक सिंह ठाकुर, भाजपा कोषाध्यक्ष श्री गुलशन ऋषि, नगर निगम के समस्त एमआईसी सदस्य एवं पार्षदगण, निगम अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।

वक्ताओं ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत की स्वतंत्रता चेतना, राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। इसकी 150वीं वर्षगांठ नई पीढ़ी को देश के स्वतंत्रता संघर्ष और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर है। हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से नागरिकों में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को और मजबूत करने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नागरिकों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष किए। पूरे ऑडिटोरियम का वातावरण देशभक्ति के भाव से सराबोर रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *