सही दवा, शुद्ध आहार की जांच शुरू

-खाद्य एवं औषधि प्रशासन का संयुक्त अभियान
महासमुंद-पहली बार फास्ट मूविंग कॉस्मेटिक्स प्रोडक्ट की सख्त जांच। सूक्ष्म जांच खुदरा और थोक औषधि परिसरों की। गोल्ड चैन और रेफ्रिजरेटर पर न केवल नजर रहेगी बल्कि संग्रहित तापमान को थर्मामीटर की सहायता से मापा जाएगा। इसी तरह 25 खाद्य एवं पेय पदार्थों के साथ पहली बार फल और सब्जी विक्रेता संस्थानों की जांच की जाएगी।
सही दवा- शुद्ध आहार- यही छत्तीसगढ़ का आधार। इस थीम के अंतर्गत 27 अप्रैल से 11 मई के बीच पन्द्रह दिवसीय सघन जांच अभियान की शुरुआत हो चली है। अभियान की गंभीरता इसी बात से जानी जा सकती है कि खाद्य एवं औषधि प्रकोष्ठ की दो पृथक- पृथक टीम अपने-अपने कार्य क्षेत्र के अंतर्गत न केवल जांच करेंगी बल्कि सैंपल भी लिए जाएंगे। इस 15 दिवसीय जांच अभियान में राजस्व एवं पुलिस की भी सहभागिता नजर आएगी।

पहली बार कोल्ड चेन
औषधि प्रकोष्ठ द्वारा जांच के दायरे में पहली बार कोल्ड चेन और रेफ्रिजरेटर लिए गए हैं। सख्ती इतनी ज्यादा कि तापमान को थर्मामीटर से मापा जाएगा। इसी तरह सौंदर्य प्रसाधन सामग्रियों की जांच में ग्रामीण क्षेत्र की दुकानें पहली बार ली जा रहीं हैं। जबकि शहरी क्षेत्र की थोक एवं खुदरा दुकानों की जांच एक साथ करने का फरमान है। शासकीय एवं निजी अस्पतालों से जुड़ी फार्मेसी वैक्सीन स्टोरेज एवं कोल्ड चैन की भी जांच होगी जबकि कोटपा एक्ट के प्रभावी पालन को लेकर ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र निशाने पर होंगे।
नजर में फल और सब्जी भी
पन्द्रह दिवसीय सघन जांच अभियान में फल और सब्जी दुकानें भले ही बारहवें नंबर पर हों लेकिन कड़ाई यहां भी देखी जाएगी। चाय, गुपचुप, गन्ना रस, सॉफ्ट ड्रिंक्स और जूस सेंटर्स के अलावा डेयरी प्रोडक्ट निर्माता और विक्रेता संस्थानों की भी सख्त जांच की जाएगी। इसी तरह बेकरी प्रोडक्ट बनाने वाली ईकाइयों और विक्रेताओं की भी जांच होगी। होटल, ढाबे, रेस्टोरेंट के अलावा हॉस्पिटल कैंटीन भी निशाने पर रहेंगे। मौसम तेज धूप और गर्मी का है इसलिए पैकेज ड्रिंकिंग वॉटर निर्माता और विक्रेता फर्मों पर विशेष नजर रहेगी।
महत्वपूर्ण है गुणवत्ता
‘सही दवा- शुद्ध आहार- यही छत्तीसगढ़ का आधार’ थीम पर चालू हुए इस पन्द्रह दिवसीय सघन जांच अभियान का उद्देश्य है सुरक्षित गुणवत्तापूर्ण एवं मानक युक्त दवाओं और खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करना। मिलावटी, नकली और अवैध दवाओं की बिक्री पर नियंत्रण रखने तथा जन सामान्य में सुरक्षित दवा उपयोग एवं स्वच्छ पौष्टिक आहार के प्रति जागरूकता बढ़ाना, ताकि जनस्वास्थ्य की रक्षा और सुधार हो सके।
वर्जन
अहम है गुणवत्ता
सुरक्षित एवं गुणवत्ता युक्त खाद्य एवं औषधि उपलब्ध करवाना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी क्रम में सही दवा- शुद्ध आहार- यही छत्तीसगढ़ का आधार थीम के अंतर्गत जांच अभियान की शुरुआत हो गई है।
-उमेश वर्मा, अभिहित अधिकारी, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, महासमुंद