Blog

भारतमाला सड़क पर बाइक सवार युवक की मौत

चालक फरार,मस्तूरी में दर्दनाक हादसा

तेज रफ्तार कार का कहर..

बिलासपुर। मस्तूरी थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन भारतमाला सड़क पर एक भीषण सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा 25 अप्रैल की दोपहर करीब 2 बजे ग्राम रलिया के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रही कार ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। घटना के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान गौतम यादव पिता जवाहर लाल यादव 24 वर्ष निवासी उसलापुर थाना सीपत के रूप में हुई है। गौतम यादव अपने रिश्तेदार के यहां ग्राम नयापारा ढेका में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गया था। कार्यक्रम के बाद वह अपनी मोटरसाइकिल सीजी 10 बीके 6610 से वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान भारतमाला रोड पर ग्राम रलिया के पास सामने से आ रही कार क्रमांक सीजी 12 बीपी 5061, टाटा नेक्सन के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गौतम यादव सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। हादसे में बाइक और कार दोनों के सामने के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मस्तूरी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले में प्रार्थी राजेश यादव की रिपोर्ट पर मस्तूरी पुलिस ने कार चालक के खिलाफ धारा 106 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस फरार कार चालक की तलाश में जुटी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *