Blog

गौ सम्मान आवाहन अभियान के तहत हस्ताक्षर अभियान व पदयात्रा आयोजित

बिलासपुर।पूरे देश में चल रहे गौ सम्मान आवाहन अभियान के अंतर्गत बिलासपुर जिले की कोटा तहसील में सोमवार को व्यापक जनसहभागिता के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अभियान का उद्देश्य गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने और देशभर में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग को सशक्त करना है।
अभियान के तहत कोटा तहसील क्षेत्र में पहले हस्ताक्षर अभियान चलाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में गौ भक्तों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर अपने समर्थन दर्ज कराए। इसके बाद 27 अप्रैल को सुबह 11 बजे रेलवे स्टेशन से तहसील कार्यालय तक पदयात्रा निकाली गई।
इस पदयात्रा में विभिन्न सामाजिक संगठनों, ग्रामीणों और गौ सेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रा के समापन पर कोटा तहसील कार्यालय पहुंचकर राज्य सरकार और केंद्र सरकार के नाम एक ज्ञापन कोटा तहसीलदार के माध्यम से सौंपा गया।
ज्ञापन में गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने, गौ संरक्षण को बढ़ावा देने और पूरे देश में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग प्रमुख रूप से शामिल रही।
कार्यक्रम में उपस्थित गौ भक्तों ने इसे एक “पुण्य कार्य” बताते हुए कहा कि गौ संरक्षण भारतीय संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है, और इसके लिए समाज के सभी वर्गों को एकजुट होकर प्रयास करना चाहिए।
इस आयोजन में कोटा तहसील के विभिन्न गांवों से आए लोगों की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली, जिससे अभियान को व्यापक जनसमर्थन मिला।
इस अभियान में कोटा तहसील प्रमुख प्रियंक अग्रहरि, प्रियंक सक्सेना, लकी श्रीवास, विनय गुप्ता, आदित्य मानिकपुर, प्रिंस, प्रतीक, प्रशांत, हर्ष, धनंजय, प्रभु, अजय, अवधेश सहित अन्य सभी गौ भक्त सम्मिलित हुए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *