Blog

ट्रैक्टर की चपेट में आने से युवक की मौत…बिल्हा पुलिस ने चालक के खिलाफ दर्ज किया मामला

बिलासपुर । बिल्हा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम केशला में ट्रैक्टर की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार ग्राम केशला निवासी कैलाश कोसले ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
उन्होंने बताया कि वह रोजी-मजदूरी का काम करते हैं और उनके परिवार में छह भाई हैं। 17 जून 2026 की शाम करीब 6:15 बजे वह अपने घर पर थे, तभी उनके भतीजे सतकुमार ने फोन कर सूचना दी कि उनके भाई शंकर कोसले का ग्राम केशला स्थित प्राथमिक शाला पानी टंकी के पास सीसी रोड पर ट्रैक्टर से एक्सीडेंट हो गया है। सूचना मिलने के बाद कैलाश मौके पर पहुंचे, जहां लोगों की भीड़ लगी हुई थी। उन्होंने देखा कि शंकर कोसले सड़क पर घायल अवस्था में पड़े थे और उनके सीने में गंभीर चोट आई थी। स्थानीय लोगों की मदद से घायल शंकर को ई-रिक्शा के माध्यम से उपचार के लिए बिल्हा अस्पताल ले जाया गया।
जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि ट्रैक्टर इंजन क्रमांक सीजी 10 एसी 5669 के चालक ने वाहन को तेज एवं लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए शंकर को टक्कर मार दी, जिससे सीने में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौत हो गई। मामले में प्रार्थी कैलाश कोसले की रिपोर्ट पर बिल्हा पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों तथा वाहन चालक की भूमिका की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *