जिले के 11.5 हजार से ज्यादा परिवार इंतजार में, जुलाई में राहत की उम्मीद
3 माह से बंद नए एलपीजी कनेक्शन
अंतरराष्ट्रीय तनाव के बीच बाधित हुई प्रक्रिया,पर जंग थमने के बाद भी नए कनेक्शन पर लगा हुआ है ब्रेक
बिलासपुर। जिले में पिछले करीब तीन माह से नए एलपीजी गैस कनेक्शन जारी नहीं होने से हजारों परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात यह हैं कि नया घर बसाने वाले, किराए के मकान में शिफ्ट होने वाले व पहली बार घरेलू गैस कनेक्शन लेने वाले लोग लगातार गैस एजेंसियों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें फिलहाल इंतजार करने की सलाह दी जा रही है। अनुमान है कि बीते तीन माह में जिले के करीब साढ़े 11 हजार से अधिक लोग नए गैस कनेक्शन के लिए आवेदन कर चुके हैं या तो आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार कर रहे हैं।
दरअसल कुछ माह पहले ईरान, अमेरिका और इजराइल के बीच बढ़े तनाव व युद्ध जैसे हालात के
कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल और गैस आपूर्ति को लेकर अनिश्चितता का माहौल बन गया था। इसका असर देश के ऊर्जा क्षेत्र पर भी देखने को मिला। इस दौरान पेट्रोल-डीजल के दामों में उतार-चढ़ाव के साथ-साथ एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था पर भी दबाव बढ़ गया था। इसी अवधि में नए एलपीजी कनेक्शन की प्ररि या प्रभावित हो गई। हालांकि
घरेलू और व्यावसायिक सिलेंडरों की नियमित आपूर्ति जारी रही, लेकिन नए कनेक्शन जारी करने की प्रक्रिया लगभग ठप हो गई।
बताया जा रहा है कि ऑनलाइन पोर्टल में नए कनेक्शन के आवेदन स्वीकृत नहीं हो रहे हैं, जिसके चलते एजेंसियां भी उपभोक्ताओं को कनेक्शन उपलब्ध नहीं करा पा रही हैं।
कनेक्शन न होना पड़ा था बहुत महंगा
जिले में कई ऐसे परिवार या हॉस्टल या किराए पर रहने वाले लोग हैं, जो लंबे समय से ब्लैक में अथवा इधर-उधर से व्यवस्था करके गैस सिलेंडर लेकर काम चलाते रहे हैं। लेकिन, पिछले दिनों जब एलपीजी की मारामारी शुरू हुई तब उन्हे गैस कनेक्शन की अहमियत का अहसास हुआ, जिसके बाद से वे लोग नए गैस कनेक्शन के लिए एजेंसियों के चक्कर लगाने लगे हैं।
इसी जुलाई में प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद, टूटेगी भीड़
विभागीय सूत्रों के अनुसार, जल्द ही यह समस्या दूर होने की संभावना है। माना जा रहा है कि इसी महीने जुलाई के दौरान नए एलपीजी कनेक्शन जारी करने की प्रक्रिया दोबारा शुरू हो सकती है। यदि ऐसा होता है तो लंबे समय से इंतजार कर रहे हजारों उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है। माना यह भी जा रहा कि, जैसे नए कनेक्शन की प्रक्रिया शुरू होगी, वैसे ही नए उपभोक्ताओं की भीड़ एजेंसियों में पहुंच जाएगी
नए परिवारों को सबसे ज्यादा परेशानी
नए गैस कनेक्शन नहीं मिलने से सबसे ज्यादा परेशानी नवविवाहित दंपतियों, नए मकान में शिफ्ट हुए परिवारों और ऐसे लोगों को हो रही है, जिन्होंने अब तक गैस कनेक्शन नहीं लिया था। कई परिवार अस्थायी रूप से रिश्तेदारों अथवा पड़ोसियों के सिलेंडर का उपयोग कर रहे हैं
हर दिन एजेंसियों में पहुंच रहे दर्जनों उपभोक्ता
जिले में वर्तमान में कुल 38 गैस एजेंसियां संचालित हैं, जिनमें 24 एजेंसियां शहरी क्षेत्र तथा शेष ग्रामीण क्षेत्रों में हैं। एजेंसी संचालकों के अनुसार प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग नए गैस गैस कनेक्शन के लिए पहुंच रहे हैं। कई उपभोक्ता ऐसे हैं, जिन्होंने तीन माह पहले आवेदन संबंधी दस्तावेज जमा किए थे, लेकिन आज तक उन्हें कनेक्शन नहीं मिल पाया है। बताया जा रहा कि, लिंक पोर्टल बंद होने के कारण वे भी असमंजस की स्थिति में हैं।
वर्जन
नए एलपीजी कनेक्शन जारी करने की प्रक्रिया तेल विपणन कंपनियों के निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं ऑनलाइन प्रणाली के माध्यम से संचालित होती है। वर्तमान में प्रक्रिया प्रभावित हुई है। प्रक्रिया सामान्य होते ही पात्र उपभोक्ताओं को नियमानुसार नए कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएंगे। विभाग द्वारा स्थिति की सतत समीक्षा की जा रही है।
अमृत कुजूर, खाद्य नियंत्रक