Blog

अधूरे भारतमाला हाईवे पर हवा में उड़ी कार,30 फीट नीचे गिरी, चार युवक गंभीर, हॉस्पिटल रेफर

बिलासपुर । उरगा मार्ग पर निर्माणाधीन भारतमाला हाईवे में सोमवार रात बड़ा हादसा हो गया। तोरवा थाना क्षेत्र के दर्रीघाट-ढेंका कर्रा के पास अरपा नदी पर बन रहे अधूरे पुल से एक तेज रफ्तार टाटा नेक्सन कार सीजी 13 एएस 9262 करीब 30 फीट नीचे जा गिरी। हादसे में कार सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी कोरबा से बिलासपुर की ओर आ रहे थे। तोरवा थाना प्रभारी रजनीश सिंह ने बताया कि रात करीब 8 बजे हादसे की सूचना मिली। जिस स्थान पर दुर्घटना हुई, वहां पुल का निर्माण कार्य अभी अधूरा है और आगे सड़क भी नहीं जुड़ी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार सवारों को इसकी जानकारी नहीं थी। तेज रफ्तार के कारण कार सीधे निर्माणाधीन हिस्से तक पहुंच गई और पुल के अधूरे सिरे से हवा में उछलते हुए करीब 30 फीट नीचे जा गिरी। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे चारों युवकों को बाहर निकाला गया। जिसके बाद थाना पेट्रोलिंग वाहन और एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया। सभी घायलों का उपचार जारी है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि घायल रायगढ़ जिले के निवासी हैं। वे कोरबा होते हुए रायपुर जा रहे थे। पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दे दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *