विकास उपाध्याय बोले,राम मंदिर आरएसएस का खंडपीठ,कलेक्शन सेंटर बन गया,भाजपा-विहिप ने किया कब्जा

बिलासपुर।कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और भूपेश बघेल सरकार में संसदीय सचिव रहे विकास उपाध्याय ने गुरुवार को बिलासपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में राम मंदिर के चंदे और चढ़ावे को लेकर भारतीय जनता पार्टी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और विश्व हिंदू परिषद पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भगवान राम के नाम पर जुटाए गए करोड़ों रुपये के चंदे और मंदिर के चढ़ावे में भारी वित्तीय अनियमितताएं हुई हैं, लेकिन केंद्र सरकार इस पूरे मामले पर चुप्पी साधे हुए है।
विकास उपाध्याय ने कहा कि अयोध्या का राम मंदिर अब आस्था का नहीं, बल्कि “कलेक्शन सेंटर” बन गया है। उन्होंने दावा किया कि मंदिर का संचालन ऐसे लोगों के हाथ में है जो भाजपा, आरएसएस और विश्व हिंदू परिषद से जुड़े हैं। उनके अनुसार, करोड़ों रामभक्त आज पूछ रहे हैं कि भगवान राम के नाम पर जुटाए गए हजारों करोड़ रुपये आखिर कहां गए और उनका हिसाब कौन देगा?
उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर निर्माण के दौरान देशभर से चंदा, गहने, ईंट, लोहा और धन एकत्र किया गया। अब मंदिर बनने के बाद चढ़ावे में भी कथित गड़बड़ियां सामने आ रही हैं। उपाध्याय ने कहा कि “पहले चंदे में हेराफेरी हुई, अब चढ़ावे में गड़बड़ी हो रही है। भाजपा और आरएसएस इस पूरे मामले के मास्टरमाइंड हैं।
प्रेस वार्ता के दौरान विकास उपाध्याय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सामने तीन सवाल रखे।
उन्होंने पूछा कि यदि ट्रस्ट का गठन केंद्र सरकार की निगरानी में हुआ था तो कथित घोटाले की जिम्मेदारी कौन लेगा? यदि सब कुछ पारदर्शी है तो स्वतंत्र जांच से डर क्यों है? और यदि कोई अनियमितता नहीं हुई तो संबंधित पदाधिकारियों के इस्तीफे की नौबत क्यों आई?
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच की मांग करती है, ताकि सच्चाई देश के सामने आ सके।
आस्था का सवाल, राजनीति का नहीं
पत्रकारों ने जब पूछा कि क्या कांग्रेस इस मामले को लेकर अदालत जाएगी, तो विकास उपाध्याय ने कहा कि यह केवल राजनीतिक मुद्दा नहीं बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था का विषय है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस धर्म की राजनीति नहीं करती, लेकिन यदि भगवान राम के नाम पर धन जुटाकर उसका दुरुपयोग हुआ है तो जनता को जवाब मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि “राम मंदिर के निर्माण का श्रेय भाजपा ने खुद लिया, प्राण प्रतिष्ठा का राजनीतिक लाभ भी लिया, अब यदि घोटाले के आरोप लग रहे हैं तो जवाब भी भाजपा और केंद्र सरकार को देना होगा।
देशभर में चलेगा आंदोलन’
विकास उपाध्याय ने घोषणा की कि कांग्रेस आने वाले समय में पूरे देश में अभियान चलाकर लोगों तक यह मुद्दा पहुंचाएगी। उन्होंने कहा कि रामभक्तों की आस्था से खिलवाड़ करने वालों को जनता के बीच बेनकाब किया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर न्यायालय का भी दरवाजा खटखटाया जाएगा।
राहुल गांधी पर भी दिया जवाब
राहुल गांधी के अयोध्या न जाने के सवाल पर विकास उपाध्याय ने कहा कि किसी व्यक्ति का मंदिर जाना ही उसकी आस्था का प्रमाण नहीं होता। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जनता के बीच जाकर अन्याय के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं और यही भगवान राम के आदर्शों पर चलना है। उन्होंने भाजपा पर धर्म के नाम पर राजनीति करने और समाज में विभाजन पैदा करने का आरोप भी लगाया।