म्यूल अकाउंट से साइबर ठगी करने वाला युवक गिरफ्तार
तेलीपारा से दबोचा गया आरोपी
बिलासपुर। म्यूल अकाउंट के जरिए छत्तीसगढ़ सहित झारखंड और तमिलनाडु के लोगों से ऑनलाइन साइबर ठगी करने वाले एक युवक को बिलासपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान तेलीपारा निवासी अमन आडवानी 25 के रूप में हुई है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, साइबर पुलिस पोर्टल समन्वय और पुलिस मुख्यालय से मिले निर्देशों के आधार पर म्यूल अकाउंट की जांच की जा रही थी। जांच में पता चला कि अमन आडवानी अलग-अलग बैंक खातों का इस्तेमाल कर साइबर ठगी से प्राप्त रकम का लेन-देन कर रहा था। उसने पंजाब एंड सिंध बैंक के खाते में रांची निवासी मनीष बियानी और तमिलनाडु की शकीरा बेगम के खातों से भी रकम ट्रांसफर कराई थी।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी लोगों से फोन पर संपर्क कर जन्मदिन का सामान भेजने के नाम पर एडवांस बुकिंग राशि लेता था। पैसे मिलने के बाद वह न तो सामान भेजता था और न ही रकम लौटाता था। जांच में 17 जून से 4 जुलाई के बीच उसके खाते में 1.71 लाख रुपये जमा होने की जानकारी मिली। आरोपी ने यह रकम यूपीआई, एटीएम और चेक के माध्यम से निकालकर निजी खर्च में उपयोग कर ली तथा बाद में इस्तेमाल की गई मोबाइल सिम तोड़कर फेंक दी। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
f