Blog

आकाशीय बिजली की चपेट में आने से महिला की मौत,1 घायल,खेत से लौटते समय आसमान से बरसी आफत

बिलासपुर । सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम सेलर बरभाठा में शनिवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में रोपा लगाने के बाद घर लौट रहे दो ग्रामीण अचानक आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका रिश्तेदार गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम सेलर बरभाठा निवासी हीराबाई धुरी, पति स्व.

राधेश्याम धुरी और सुग्रीव धुरी, पिता दीनदयाल धुरी शनिवार को खेत में रोपा लगाने गए थे। काम पूरा करने के बाद दोनों ग्रामीण अन्य लोगो के साथ वापस लौट रहे थे। इसी दौरान शाम करीब 4:30 बजे अचानक मौसम बिगड़ गया और आकाशीय बिजली गिरने से दोनों इसकी चपेट में आ गए। आकाशीय बिजली गिरने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गए।
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों को तत्काल उपचार के लिए बिलासपुर स्थित सिम्स अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने हीराबाई धुरी को मृत घोषित कर दिया। वहीं सुग्रीव धुरी को अस्पताल में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया है। घटना की जानकारी सीपत पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। रविवार को मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। बरसात के मौसम में खेतों में काम करने वाले ग्रामीणों के लिए यह हादसा एक गंभीर चेतावनी भी है। मौसम खराब होने और गरज-चमक शुरू होने पर खुले खेतों में रुकने के बजाय सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दी जाती है। वहीं हादसे के बाद मृतका के परिवार में शोक का माहौल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *