Blog

गुम मोबाइल की रिकवरी में बिलासपुर पुलिस प्रदेश में अव्वल,2026 में 1250 फोन बरामद, ‘चेतना अभियान’ के तहत ‘अर्पण’ कार्यक्रम में 30 लाख के 202 मोबाइल उनके मालिकों को लौटाए

चेहरे पर लौटी मुस्कान

बिलासपुर। गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी और उन्हें उनके वास्तविक स्वामियों तक पहुंचाने के मामले में बिलासपुर पुलिस ने छत्तीसगढ़ में प्रथम स्थान हासिल किया है। पुलिस ने वर्ष 2026 में अब तक 1250 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को वापस किए हैं। इसी क्रम में स्वतंत्रता दिवस उत्सव के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे चेतना अभियान के तहत रविवार को अर्पण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें करीब 30 लाख रुपये कीमत के 202 मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को लौटाए गए।

कार्यक्रम का आयोजन एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर किया गया। मोबाइल फोन वापस मिलने के बाद लोगों के चेहरे पर खुशी और संतोष साफ नजर आया। कई ऐसे लोग भी कार्यक्रम में पहुंचे, जिन्होंने अपना मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद लगभग छोड़ दी थी।

तकनीकी संसाधनों से छत्तीसगढ़ सहित सीमावर्ती राज्यों तक तलाश

जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मोबाइल गुम होने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी रजनेश सिंह ने एसीसीयू साइबर सेल को गुम मोबाइल की तलाश कर उन्हें उनके वास्तविक स्वामियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए थे।
निर्देशों के पालन में एसीसीयू बिलासपुर की टीम ने तकनीकी संसाधनों और लगातार प्रयासों के जरिए गुम मोबाइल फोन की तलाश शुरू की। पुलिस ने छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों के साथ ही सीमावर्ती राज्यों से भी गुम हुए मोबाइल फोन बरामद किए।
इसी अभियान के तहत बरामद किए गए 202 मोबाइल फोन को रविवार को उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपा गया। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने बिलासपुर पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

आपकी एक आस, आपकी अमानत, आपके पास

अर्पण’ कार्यक्रम का उद्देश्य गुम हुए मोबाइल फोन को उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने के साथ लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करना भी रहा। पुलिस ने इस अभियान को संदेश दिया है-

“आपकी एक आस, आपकी अमानत, आपके पास।”

पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक 1250 मोबाइल फोन की रिकवरी की जा चुकी है। गुम मोबाइल फोन बरामद कर उन्हें उनके वास्तविक स्वामियों तक पहुंचाने के मामले में बिलासपुर पुलिस को राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।

साइबर फ्रॉड से बचाव की दी जानकारी

कार्यक्रम के दौरान केवल मोबाइल वितरण ही नहीं, बल्कि नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक भी किया गया। साइबर सेल बिलासपुर के प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी एवं टीम ने उपस्थित लोगों को वर्तमान समय में सामने आ रहे विभिन्न प्रकार के साइबर फ्रॉड और उनसे बचने के उपायों की जानकारी दी।
इस दौरान भारत सरकार के मोबाइल एप्लीकेशन ‘संचार साथी’ के बारे में भी लोगों को बताया गया। पुलिस टीम ने नागरिकों को एप के उपयोग, मोबाइल सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी।

एसीसीयू और थाना स्टाफ की अहम भूमिका

स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस विशेष ‘चेतना अभियान’ के तहत मोबाइल फोन की बरामदगी और उनके वितरण में एसीसीयू बिलासपुर तथा जिले के सभी थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं एसीसीयू मधुलिका सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल, सीएसपी सिविल लाइन परमेश्वर तिलवार और सीएसपी सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव सहित अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी और मोबाइल धारक मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *