राशन दुकान से 5 बोरी चावल चोरी करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर /मुंगेली/
शासकीय राशन दुकान से चांवल चोरी करने वाले दो आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।पकड़े गए दोनों आरोपियों के पास से चोरी का चांवल बरामद कर लिया है।
दरअसल प्रार्थी जलेश्वर साहू, साल्हेघोरी, डिंडौरी, चिल्फी में रिपोर्ट दर्ज कराया गया कि ग्राम साल्हेघोरी स्थित शासकीय उचित मूल्य की दुकान में विक्रेता है शाम करीब 6 बजे राशन वितरण करने के बाद दुकान में ताला लगाकर घर चला गया था। दूसरे दिन सुबह करीब 6:40 बजे राशन दुकान का मुख्य दरवाजा का ताला टूटा हुआ मिला। दुकान के अंदर जाकर देखने पर 5 बोरी चावल चोरी होना पाया गया, जिसकी शासन द्वारा निर्धारित दर 34.31 रुपये के हिसाब से कुल कीमत 13,724 रुपये की चोरी होना पाया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी भोजराम पटेल ने आरोपियों की पतासाजी कर चोरी गई संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी के निर्देश दिए गए। निर्देशों के परिपालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला एवं उप पुलिस अधीक्षक माधुरी धिरही के मार्गदर्शन में साइबर सेल एवं चौकी डिंडौरी पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर चोरी के संबंध में अलग-अलग कार्यविभाजन करते हुए आरोपियों की खोजबीन के लिए टीम को रवाना किया गया।
प्रकरण की विवेचना के दौरान बेसिक पुलिसिंग, मुखबिर सूचना एवं तकनीकी आधार पर ग्राम सारधा निवासी रामानंद अहिरवार के चोरी की घटना में संलिप्त होने की जानकारी प्राप्त हुई। पुलिस टीम द्वारा तत्काल रामानंद अहिरवार को हिरासत में लेकर पूछताछ के दौरान रामानंद अहिरवार ने रात् में अपने ग्राम सारधा के साथी राजेश सारथी के साथ मोटर साइकिल एचएफ डीलक्स क्रमांक सीजी 28 ई 4456 से ग्राम साल्हेघोरी स्थित शासकीय उचित मूल्य की दुकान में जाकर 05 बोरी चावल चोरी करना तथा चोरी किए गए चावल को ग्राम गोंड खाम्ही निवासी अनिल साहू के घर में बिक्री करना बताया, संदेही आरोपी अनिल साहू से पूछताछ करने पर उसके कब्जे से चोरी किए गए 05 बोरी चावल बरामद किए गए। आरोपियों का अपराध धारा सही पाये जाने पर आरोपी रामानंद अहिरवार, पिता ननकुराम अहिरवार, उम्र 27 वर्ष, निवासी सारधा और खरीददार अनिल साहू, पिता बालाराम साहू, उम्र 30 वर्ष, निवासी गोंड खाम्ही, लोरमी को न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया गया है। प्रकरण में शामिल एक अन्य आरोपी राजेश सारथी जो अन्य प्रकरण में जिला बिलासपुर के जेल में निरुद्ध है, पृथक से वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
।