धोखाधड़ी एवं आपराधिक विश्वासघात: करोड़ों की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

सरगुजा। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा श्री राजेश अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में थाना कोतवाली पुलिस ने करोड़ों की ठगी के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर कूटरचित दस्तावेज तैयार कर और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।
प्रार्थी ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि गोधनपुर, वसुंधरा बिहार रोड निवासी सुजीत जायसवाल जो प्रतीक स्टील ट्रेडर्स का संचालक है, उससे जान-पहचान थी। आरोपी ने व्यापार करने के नाम पर प्रार्थी से कुल 4,80,50,000 रुपये की मांग की। प्रार्थी ने दिनांक 13/08/21 से 25/11/22 तक कुल 4,80,50,000 रुपये दिए। बाद में रकम वापस मांगने पर आरोपी ने केवल 2,72,00,000 रुपये का भुगतान किया और शेष 2,08,50,000 रुपये वापस नहीं किए।
इसके अलावा आरोपी ने धर्म कांटा और इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माण के नाम पर झांसा देकर अन्य रकम भी छलपूर्वक प्राप्त की, लेकिन न तो जमीन की रजिस्ट्री कराई और न ही पैसे वापस लौटाए। बकाया पैसे मांगने पर आरोपी ने प्रार्थी और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी और गाली-गलौज की।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 398/26 धारा 318(4), 296, 351(3), 316(5) BNS के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस ने आरोपी सुजीत जायसवाल आत्मज स्व. गोपाल जायसवाल, उम्र 48 वर्ष, निवासी गोधनपुर वसुंधरा बिहार रोड, वर्मा बाड़ी के पास, थाना गांधीनगर, अंबिकापुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने व्यापार के नाम पर रकम लेकर ठगी करना स्वीकार किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।