
शिवतराई के जंगल में बाइक पर मिली युवक की अधजली लाश,हत्या कर शव जलाने की आशंक,पुलिस जुटी जांच में

6 साल में जिले में अधजली लाश मिलने के 18 मामले, 60% में साक्ष्य मिटाने के लिए जलाए गए शव
70% मामलों में करीबी ही निकले आरोपी
बिलासपुर। कोटा थाना क्षेत्र के शिवतराई के जंगल में गुरुवार शाम बाइक समेत युवक की अधजली लाश मिलने से सनसनी फैल गई। शव और बाइक जिस हालत में मिले हैं, उससे आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या करने के बाद पहचान और साक्ष्य मिटाने के इरादे से शव को जलाया गया है। हालांकि, युवक को जिंदा जलाया गया या हत्या के बाद आग लगाई गई, यह फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम ग्रामीणों ने शिवतराई के जंगल के सुनसान इलाके में एक जली हुई बाइक देखी। पास जाकर देखने पर बाइक के साथ एक युवक का अधजला शव पड़ा मिला। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना कोटा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शाम ढलने और अंधेरा होने के कारण पुलिस प्रारंभिक फोटोग्राफी के अलावा विस्तृत जांच नहीं कर सकी। शुक्रवार सुबह एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल की बारीकी से जांच की जाएगी। साक्ष्य जुटाने और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने के लिए स्निफर डॉग की भी मदद ली जाएगी।
देर रात तक सुराग तलाशती रही एसीसीयू की टीम
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसीसीयू की टीम भी देर रात शिवतराई और आसपास के इलाकों में पहुंची। टीम ने स्थानीय लोगों के बीच जाकर मृतक और घटनास्थल से जुड़े संभावित सुराग जुटाने का प्रयास किया। पुलिस आसपास के गांवों में हाल के दिनों में लापता हुए युवकों की जानकारी भी जुटा रही है। बाइक के नंबर और अन्य तकनीकी साक्ष्यों से मृतक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह के मुताबिक, शिवतराई में जली हुई बॉडी मिलने की सूचना देर शाम मिली थी। शुक्रवार को एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल की जांच की जाएगी। इसके बाद ही मृतक की पहचान और घटना के कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
6 साल में 18 मामले, अधिकांश में हत्या के बाद जलाए गए शव
जिले में अधजली लाश मिलने की घटनाएं नई नहीं हैं। जनवरी 2021 से नवंबर 2026 के बीच ऐसे 18 मामले सामने आ चुके हैं। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, इनमें करीब 60 प्रतिशत मामलों में साक्ष्य मिटाने के लिए शव जलाए गए, जबकि लगभग 70 प्रतिशत मामलों में आरोपी मृतक के करीबी ही थे। पुलिस अधिकांश मामलों में आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही है, लेकिन रतनपुर के खूंटाघाट जंगल में महिला की अधजली लाश मिलने का मामला अब तक अनसुलझा है।
जमीन के लिए पिता को जिंदा जलाया, शराब विवाद में ड्राइवर की हत्या
सिरगिट्टी क्षेत्र में ड्राइवर की हत्या का मामला
7 नवंबर 2025 को सिरगिट्टी के खुशी विहार में उत्तर प्रदेश के सोनभद्र निवासी ट्रक ड्राइवर गोपाल कोल की हत्या कर शव जला दिया गया था। शराब पीने को लेकर हुए विवाद में तिफरा निवासी अरुण दास मानिकपुरी और धनेश लोधी ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया था।
खूंटाघाट डैम के जंगल में एक महिला की अधजली लाश
का मामला
16 अक्टूबर 2025 को रतनपुर के खूंटाघाट डैम के जंगल में एक महिला की अधजली लाश मिली थी। शव करीब 8 दिन पुराना था। आरोपियों ने पहचान और साक्ष्य मिटाने के लिए शव को आग लगाई थी। लंबी जांच के बावजूद पुलिस अब तक आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है।
सीपत क्षेत्र के सेलर का जमीन विवाद मामला
11 नवंबर 2026 को सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम सेलर में महज 10 डिसमिल जमीन के विवाद में बेटे आशाराम केंवट ने अपने पिता विश्राम केंवट पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी। गंभीर रूप से झुलसे विश्राम केंवट की अगले दिन इलाज के दौरान मौत हो गई।
शिवतराई की घटना में भी पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृतक की पहचान करना और यह पता लगाना है कि युवक को जंगल तक कौन और किन परिस्थितियों में लेकर पहुंचा था। फॉरेंसिक जांच और तकनीकी साक्ष्य इस गुत्थी को सुलझाने में अहम साबित हो सकते हैं।
सीसीटीवी और आसपास के लोगो से पूछताछ करने में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि इस मामले में कोटा क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज और आसपास के लोगो से पूछताछ की जा रही है।इसके अलावा अन्य थाने से महिला के गुम होने वाली रिपोर्ट की जानकारी एकत्रित की जा रही है।
ताकि लाश का कही कोई सुराग मिल सकें।बाइक के चेसिस नम्बर से भी बाइक मालिक की खोजबीन की जा रही है।पुलिस हर पहलुओं की जांच बारीकी से कर रही है।
वर्जन
लाश की शिनाख्त नहीं हुई है लाश की शिनाख्त की जा रही है,इसके लिए आसपास के लोगो से पूछताछ की जा रही है।
रजनेश सिंह
एसएसपी बिलासपुर






