पपीते के पीले-हरे कैरेट को लेकर विवाद,सब्जी कारोबारी पर चाकू से हमला

बुधवारी बाजार में दो दुकानदारों के बीच विवाद ने लिया हिंसक रूप
छाती और बाएं हाथ में आई चोट; पुलिस ने दर्ज किया मामला
बिलासपुर। बुधवारी बाजार में पपीते के पीले और हरे होने को लेकर दो सब्जी कारोबारियों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि एक दुकानदार ने दूसरे पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। हमले में कारोबारी की छाती और बाएं हाथ में चोट आई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सिरगिट्टी नयापारा निवासी गुड्डू बुधवारी बाजार में सब्जी बेचने का काम करता है।उसने और बाजार के ही व्यवसायी कुनाल साहू ने शनिचरी बाजार से ऑटो के जरिए दो-दो कैरेट पपीते मंगवाए थे। सुबह करीब 11:20 बजे गुड्डू अपने दो कैरेट पपीते लेकर कुनाल की दुकान पहुंचा। इस दौरान कुनाल ने पपीते पीले होने की बात कहते हुए कैरेट अपना मानने से इनकार कर दिया।इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि कुनाल ने गाली-गलौज करते हुए विवाद बढ़ा दिया। विरोध करने पर उसने जान से मारने की धमकी दी और दुकान में रखे धारदार चाकू से गुड्डू पर हमला कर दिया। चाकू के वार से उसकी छाती और बाएं हाथ में चोट आई। मौके पर मौजूद शुभम देवांगन और आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी कुनाल साहू के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है






