
शराब के लिए पैसे नहीं देने पर युवक से मारपीट,दो गिरफ्तार, महामाया चौक पर साथियों के साथ मिलकर की मारपीट,

बिलासपुर। शराब पीने के लिए पैसे मांगने और मना करने पर मारपीट करने का मामला रतनपुर में सामने आया है। महामाया चौक पर एक युवक से शराब के लिए पैसों की मांग की गई। इनकार करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की। शिकायत मिलते ही रतनपुर पुलिस ने कार्रवाई कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक, दुर्गेशनंदन सारथी निवासी रतनपुर महामाया चौक किसी काम से गया था। इसी दौरान रामनगर सारथीपारा निवासी राज उर्फ छोटू सारथी ,शिवेन्द्र सारथी और उनके अन्य साथी वहां पहुंचे। उन्होंने दुर्गेशनंदन से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से मना करने पर सभी ने मिलकर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की।
पीड़ित की शिकायत पर थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में राज उर्फ छोटू सारथी और शिवेन्द्र सारथी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।




