Blog

घर का ताला तोड़कर हजारों की चोरी,सीसीटीवी में कैद हुआ चोर,पुलिस ने शुरू की तलाश

बिलासपुर । मस्तूरी थाना के मल्हार चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चौहा में एक सूने मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोर ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। घटना में घर का ताला और अलमारी तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात एवं नकदी पार कर दी गई। पूरी वारदात घर के भीतर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस अब आरोपी की तलाश में जुट गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम चौहा निवासी विवेक राय ने मल्हार चौकी में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उनकी मां गांव में अकेली रहती हैं। 10 जुलाई की शाम करीब 6 बजे उनका बड़ा भाई मां को अपने साथ बिलासपुर ले गया था। इसके बाद घर सूना पड़ा रहा। 13 जुलाई की सुबह करीब 10 बजे जब परिवार के सदस्य गांव पहुंचे तो घर के मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो कमरे का दरवाजा और अलमारी का लॉक भी टूटा हुआ था।
अलमारी में रखे चांदी के छह जेवर, सोने के तीन गहने, करीब 20 हजार रुपये के कीमती आभूषण तथा 15 हजार रुपये नकद गायब मिले। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 35 हजार रुपये बताई गई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। इस मामले में महत्वपूर्ण तथ्य यह है कि चोरी की पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में संदिग्ध चोर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर उसकी पहचान शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *