Blog

त्योहारों से पहले चाकूबाजों पर पुलिस का शिकंजा,गुंडा-बदमाशों को बुलाकर दी कड़ी चेतावनी

बिलासपुर। त्योहारों के दौरान चाकूबाजी और असामाजिक गतिविधियों पर लगाम लगाने पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। पुलिस ने शहर के अलग-अलग थानों में पूर्व में चाकूबाजी और अन्य अपराधों में शामिल रहे गुंडा-बदमाशों को चेतना हॉल में बुलाकर समझाइश दी और कड़ी चेतावनी दी। एसएसपी राजनेश सिंह ने बताया कि पिछले जून से चलाए जा रहे अभियान में अब तक रेलवे स्टेशन के पास करीब 100 से 150 चाकू बरामद किए जा चुके हैं।
त्योहारी सीजन में चाकूबाजी और नशे की गतिविधियों को रोकने बिलासपुर पुलिस ने अपराधियों पर निगरानी बढ़ा दी है। एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया सावन के दौरान भी बाहर से आने वाले कुछ लोगों के पास से चाकू बरामद किए गए। रेलवे स्टेशन के आसपास कार्रवाई करते हुए अब तक करीब 100 से 150 चाकू बरामद किए जा चुके हैं। इसके साथ ही पुलिस ने 150 से ज्यादा प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की है।
एसएसपी ने गणेश उत्सव के दौरान नशे को लेकर भी चिंता जताई है। उनका कहना है कि भगवान की मूर्ति स्थापना के लिए निकलने वाले जुलूस में शराब की बोतलें नजर आना गंभीर विषय है। पुलिस ने ऐसे मामलों में कार्रवाई भी की है। साथ ही सभी गणेश उत्सव समितियों और आयोजकों से अपील की गई है कि जुलूस या पंडाल के आसपास कोई असामाजिक तत्व हथियार या नशे की हालत में नजर आए तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।

इसी बीच मंगलवार को शहर के सभी थाना क्षेत्रों में पूर्व में चाकूबाजी, मारपीट और दूसरे अपराधों में शामिल रहे लोगों को चेतना हॉल में बुलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने सभी को कान पकड़कर समझाइश दी और साफ चेतावनी दी कि त्योहार के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना को अंजाम दिया गया तो सीधे कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के मुताबिक पिछले जून से चाकूबाजी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

त्योहारों के बीच शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने पुलिस ने साफ कर दिया है कि चाकू, हथियार और नशे के साथ हुड़दंग करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की नजर पुराने अपराधियों के साथ-साथ ऐसे असामाजिक तत्वों पर भी बनी हुई है, जो त्योहार की आड़ में माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *