ब्राउन शुगर-हेरोइन और नशीली दवाओं के साथ आरोपी गिरफ्तार,सरकंडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई

बिलासपुर । नशे के कारोबार के खिलाफ सरकंडा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को भारी मात्रा में नशीले पदार्थों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से प्रतिबंधित कफ सिरप, ब्राउन शुगर, हेरोइन और एक एक्टिवा स्कूटी जब्त की है।पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बंधवापारा इलाके में एक व्यक्ति नशीले पदार्थ बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी पप्पू श्रीवास उर्फ गुड्डू श्रीवास को पकड़ लिया।तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 20 नग प्रतिबंधित कफ सिरप, करीब 4 ग्राम ब्राउन शुगर और साढ़े 7 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 2 लाख 72 हजार रुपये बताई जा रही है।

इसी प्रकार चौकी मोपका पुलिस द्वारा बायपास रोड धान मंडी के पास घेराबंदी कर आरोपी सुभाष देवांगन निवासी चिंगराजपारा सरकण्डा को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से 13 नग प्रतिबंधित कफ सिरप जप्त किया गया जिसकी कुल कीमत लगभग 13,000/- रुपये है। आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है। दोनों मामलों में आरोपियों से पूछताछ कर नशीली दवाओं के नेटवर्क के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।